धनबाद स्टेशन से 43.94 किलो गांजा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

आरपीएफ जवानों के साथ पकड़ा गया गांजा और तस्कर

धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, सीआइबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.94 किलोग्राम गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख 97 हजार रुपये है, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा.

विज्ञापन

धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, सीआइबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 43.94 किलोग्राम गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गांजा प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 के हावड़ा छोर से बरामद किया गया. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख 97 हजार रुपये बतायी गयी है. मामले में एक अन्य आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श कॉलोनी, आरा भोजपुर (बिहार) निवासी सुनील चौधरी और टीटागढ़, उत्तर 24 परगना निवासी उमेश कुमार राय के रूप में हुई है. फरार आरोपी की पहचान अनिल सिंह के रूप में बतायी गयी है.

तीन ट्रॉली और तीन पिट्ठू बैग लेकर पहुंचे थे

वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट धनबाद, सीआइबी और राजकीय रेल थाना के अधिकारी व जवान स्टेशन पर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान टीम की नजर तीन युवकों पर पड़ी. तीनों के पास तीन ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग थे और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं.

पुलिस टीम को देखते ही तीनों भागने लगे. जवानों ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि अनिल सिंह भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.

41 पैकेट में मिला गांजा

तलाशी के दौरान तीन ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग से कुल 41 पैकेट गांजा बरामद किया गया. ट्रॉली बैग में क्रमश: 10, 15 और 10 पैकेट रखे थे, जबकि तीनों पिट्ठू बैग में दो-दो पैकेट थे. बरामद गांजे का कुल वजन 43.94 किलोग्राम बताया गया है.

भुवनेश्वर से आरा पहुंचानी थी खेप

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने बताया कि वे अनिल सिंह के साथ भुवनेश्वर से तेजस राजधानी एक्सप्रेस से बोकारो पहुंचे थे. इसके बाद गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से धनबाद होते हुए पटना और फिर आरा जाना था. बारिश के कारण ट्रेन छूट जाने के बाद वे सासाराम इंटरसिटी पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म पर बैठे थे.

आरोपियों के अनुसार, गांजे की खेप आरा में अनिल सिंह द्वारा बुलाये गये लोगों को सौंपनी थी. इसके बदले दोनों को छह-छह हजार रुपये मिलने थे.

जीआरपी ने दर्ज किया मामला

मामले में जीआरपी ने कांड संख्या 154/26 दर्ज किया है. जब्ती की कार्रवाई में राजपत्रित अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार भी शामिल रहे. पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आयी कि गांजा तस्करी में शामिल लोग प्रीमियम ट्रेनों में एसी का कंफर्म टिकट लेकर सामान्य यात्रियों की तरह सफर करते हैं. पुलिस फरार आरोपी की तलाश और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.


विज्ञापन
Manoj Rawani

लेखक के बारे में

By Manoj Rawani

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola