Dhanbad News : बीबीएमकेयू के ई-न्यूज लेटर के प्रथम अंक का लोकार्पण

Dhanbad News : बोले कुलपति : ई-न्यूज लेटर बनेगा विश्वविद्यालय व समाज के बीच संवाद का सेतु, डिजिटल मंच पर दिखेंगी विश्वविद्यालय की उपलब्धियां.
धनबाद, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में मंगलवार को ई-न्यूज लेटर के प्रथम अंक का मंगलवार को लोकार्पण किया गया. विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित समारोह में शिक्षकों, अधिकारियों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों की सहभागिता रही. कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. (डॉ) राम कुमार सिंह ने बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर माल्यार्पण एवं ई-न्यूज लेटर के औपचारिक विमोचन के साथ किया. कुलपति ने कहा कि डिजिटल युग में सूचना व संवाद का महत्व लगातार बढ़ रहा है. विश्वविद्यालय का ई-न्यूज लेटर शैक्षणिक, सांस्कृतिक और शोध गतिविधियों को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. यह विद्यार्थियों और शिक्षकों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने का सशक्त माध्यम बनेगा. ई-न्यूज लेटर के प्रधान संपादक डॉ कृष्ण मुरारी सिंह ने बताया कि प्रथम अंक में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, विभिन्न विभागों की गतिविधियों, शोध कार्यों, सेमिनार, कार्यशालाओं, सांस्कृतिक आयोजनों और विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों को स्थान दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह प्रकाशन विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में सहायक होगा. निशांत कुमार दुबे, अमृत आनंद और सुब्रतो मिश्रा को उनके विशेष योगदान के लिए कुलपति द्वारा प्रशस्ति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन डॉ. हिमांशु शेखर चौधरी व धन्यवाद ज्ञापन डॉ पुष्पा कुमारी ने किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










