Dhanbad News: आंधी में डीवीसी मेनलाइन ब्रेकडाउन, कई इलाकों में घंटों गुल रही बिजली

Published by :ANAND KUMAR UPADHYAY
Published at :01 May 2026 1:12 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: आंधी में डीवीसी मेनलाइन ब्रेकडाउन, कई इलाकों में घंटों गुल रही बिजली

Dhanbad News: 40 से ज्यादा जगहों पर बिजली के तारों पर पेड़ की डाल गिरी, तारों पर पोस्टर फटकर उलझने से भी सप्लाई हुई बाधित.

विज्ञापन

धनबाद, तेज आंधी के साथ हुई बारिश से गुरुवार को लगातार दूसरे दिन शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गयी. डीवीसी के साथ जेबीवीएनएल के उपकरणों में खराबी आने से देर रात तक शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही. डीवीसी के 33 केवीए मेनलाइन ब्रेकडाउन हो गया. इससे जेबीवीएनएल को होने वाली सप्लाई ठप हो गयी. जेबीवीएनएल के अधिकारियों के अनुसार गुरुवार की शाम लगभग चार बजे तेज बारिश शुरू होने के कुछ मिनटों बाद ही डीवीसी से जेबीवीएनएल को आने वाली ट्रांसमिशन लाइन में खराबी आ गयी. इससे कंपनी के विभिन्न ग्रिड से धनबाद को होने वाली सप्लाई बाधित हो गयी. रात 10 बजे के बाद खराबी को दूर कर बिजली आपूर्ति शुरू की गयी. दूसरी ओर विभिन्न जगहों पर जेबीवीएनएल के उपकरणों में खराबी आने और तार पर पेड़ की डाल टूट कर गिरने व जगह-जगह लगे पोस्टर फटकर बिजली के तारों पर उलझने की वजह से भी आपूर्ति घंटों बाधित रही. यहां बिजली तार पर गिरी डाल, उलझे पोस्टर रघुवर नगर, मनईटांड़, पुराना बाजार, जोड़ाफाटक, वासेपुर, भूली रिंग रोड के पास, नया बाजार, सरायढेला, धैया, बरमसिया, भूदा, दामोदरपुर, बलियापुर रोड, हीरक रोड, सुगियाडीह, कुसुम विहार, बगुला, मेमको, बारामुड़ी समेत 40 से ज्यादा जगहों पर बिजली के तार पर पेड़ की डाल टूट कर गिर गयी और पोस्टर फटकर तारों में उलझ गए. जेबीवीएनएल की ओर से देर रात तक मेंटेनेंस कार्य किया गया. तेज आंधी में दूसरे दिन भी बलियापुर रोड के विभिन्न इलाकों में सबसे ज्यादा क्षति हुई है. 20 घंटे बाद मिली बिजली, पांच घंटे बाद फिर हुई गुल शहर के कई इलाके ऐसे हैं, जहां 20 घंटे बाद बिजली लौटी. बुधवार की शाम बारिश व आंधी शुरू होने के बाद इन इलाकों में लोकल फॉल्ट बिजली गुल हो गयी थी. गुरुवार को दिन के नौ से 12 बजे के बीच इन इलाकों में बिजली आपूर्ति शुरू हुई. करीब चार घंटे बाद पुन: चार बजे इन इलाकों की बिजली गुल हो गयी. शहर के सरायढेला विद्यापति नगर, हीरापुर धोबी मोहल्ला, वास्तु विहार के आस-पास, बिरसा मुंडा पार्क के आस-पास, हीरक रोड स्थित श्री कुंज विहार के इलाके, बरमसिया बच्चा जेल के आस-पास, दहुआटांड़ समेत कई इलाकों में बुधवार को गुल हुई बिजली गुरुवार को लौटी थी. 100 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़े बारिश में शहरी इलाके में 100 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़ गये. इससे भी उपभोक्ताओं को घंटों अंधेरे में रहना पड़ा. जेबीवीएनएल के अधिकारियों के अनुसार बारिश के साथ तेज हवा के कारण फ्यूज में खराबी आने से परेशानी हुई. बारिश थमने के बाद जेबीवीएनएल के कॉल सेंटर में खराबी की सूचना मिलने लगी. देर रात तक विभिन्न इलाकों में आयी खराबी को दुरुस्त करने का काम जारी रहा.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola