Dhanbad News : बीबीएमकेयू में गर्मी की छुट्टी में नहीं चलेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 03 Jun 2026 12:57 AM
Dhanbad News : विवि में 20 जून तक हैं गर्मियों की छुट्टियां, सिलेबस पूरा करने की चुनौती बढ़ी, मानदेय से भी वंचित होंगे नीड बेस्ड शिक्षक.
धनबाद, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में इस वर्ष गर्मी की छुट्टियों में अतिरिक्त कक्षाएं नहीं हाेंगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक ग्रीष्मावकाश के दौरान अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं की है, जिससे पिछले वर्षों से चली आ रही व्यवस्था इस बार बंद हो गयी है. बीबीएमकेयू में प्रत्येक वर्ष एक से 20 जून तक ग्रीष्मावकाश रहता है. पिछले वर्षों में इन छुट्टियों के दौरान कॉलेजों में विशेष कक्षाएं आयोजित की जाती थीं. इन कक्षाओं का उद्देश्य पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करना और विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना होता था. साथ ही नीड बेस्ड शिक्षकों को अतिरिक्त कक्षाएं लेकर सम्मानजनक मानदेय प्राप्त करने का अवसर भी मिलता था. घंटी आधारित मानदेय प्रणाली पर कार्यरत नीड बेस्ड शिक्षकों के लिए गर्मी की छुट्टियों की कक्षाएं आय का महत्वपूर्ण जरिया मानी जाती थीं. विवि के साथ ही 13 अंगीभूत कॉलेजों में करीब 100 से अधिक नीड बेस्ड शिक्षक कार्यरत हैं. इस बार एक्सट्रा क्लास नहीं होने से उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है. वहीं विद्यार्थियों के लिए भी इसका असर दिखाई दे सकता है, क्योंकि कई विषयों का पाठ्यक्रम अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है. हालांकि कुछ कॉलेजों ने इस स्थिति का बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की है. कई महाविद्यालयों ने विश्वविद्यालय को सूचना देकर कुछ नीड बेस्ड शिक्षकों को अवकाश अवधि में गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया है. लेकिन यह व्यवस्था सीमित है और सभी शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. ऐसे में शिक्षकों के बीच असंतोष है, जबकि छात्र भी उम्मीद कर रहे हैं कि सिलेबस पूरा करने के लिए आगे कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनायी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










