Dhanbad News : धनबाद भाजपा का होगा संगठनात्मक विभाजन, 12 नये मंडल बनेंगे
Published by : NARENDRA KUMAR SINGH Updated At : 26 May 2025 12:58 AM
गिरिडीह भाजपा भी ग्रामीण एवं महानगर में बंटेगा, 80 से ज्यादा बूथ वाले मंडल दो भाग में बंटेगा, नये मंडलों में भी होंगे संगठनात्मक चुनाव
धनबाद में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा बदलेगा. भाजपा महानगर एवं ग्रामीण जिला के कई मंडलों को दो भागों में बांटा जायेगा. 12 नये मंडलों की जल्द घोषणा होगी. इसके साथ ही गिरिडीह में भी भाजपा दो भागों में बंटेगी. ग्रामीण एवं महानगर दो जिलाध्यक्ष होंगे. मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नेतृत्व ने निर्णय लिया है कि वैसे मंडल जहां 80 या इससे अधिक मतदान केंद्र हैं को दो भागों में बांटा जाये. धनबाद महानगर के अंतर्गत अभी 17 मंडल है. जबकि ग्रामीण जिला के अधीन अभी 18 मंडल है. यहां से नये मंडलों के गठन का प्रस्ताव राज्य नेतृत्व को भेज दिया गया है. राज्य नेतृत्व ने भी नये मंडलों के गठन को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है. भाजपा का चल रहे संगठनात्मक चुनाव के तहत जारी होनी वाली नयी सूची में नये मंडलों एवं उनके अध्यक्ष की भी घोषणा होगी.
कौन-कौन होगा नया मंडल :
धनबाद महानगर के अधीन अभी 17 मंडल है. इनमें से धनबाद सदर मंडल को विभक्त कर सरायढेला को नया मंडल बनाया जायेगा. झरिया विधानसभा क्षेत्र के जोड़ापोखर मंडल, बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के महुदा को भी बांटा जायेगा. अब धनबाद महानगर जिला के अंतर्गत 22 मंडल होगा. इसी तरह धनबाद जिला ग्रामीण भाजपा के राजगंज मंडल को बांट कर तेतुलमारी को नया मंडल बनाया जायेगा. गोविंदपुर पूर्वी को विभक्त कर बरवापूर्व, टुंडी को विभक्त कर टुंडी पश्चिम, तोपचांची को बांट कर ब्राह्णडीहा को नया मंडल बनाया जायेगा. इसी तरह निरसा मंडल के साथ-साथ निरसा पश्चिम एवं एग्यारकुंड में भी एक नया मंडल बनेगा. धनबाद ग्रामीण में भाजपा के मंडलों की संख्या बढ़ कर 23 हो जायेगी. पूरे धनबाद राजस्व जिला में अब 35 की जगह 45 मंडल होंगे.भाजपा का अभी 27 जिला है, बढ़ कर 29 हो जायेगा :
झारखंड में भाजपा का संगठनात्मक रूप से अभी 27 जिला है. धनबाद, रांची एवं जमशेदपुर में ग्रामीण एवं महानगर नाम से दो-दो जिलाध्यक्ष हैं. गिरिडीह एवं पलामू में दो नये संगठनात्मक जिला बन जायेगा. इसके बाद पूरे राज्य में भाजपा के जिलाध्यक्षों की संख्या बढ़ कर 29 हो जायेगी.जल्द होगी मंडल अध्यक्षों की घोषणा : बाबूलाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूरे झारखंड में भाजपा के नये मंडल अध्यक्षों की घोषणा तीन-चार दिनों में हो सकती है. रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. जल्द ही नये एवं पुराने मंडलों के अध्यक्षों की सूची जारी हो जायेगी. मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद जिलाध्यक्षों की घोषणा होगी. इसकी प्रक्रिया भी चल रही है. कहा कि गिरिडीह एवं पलामू (मेदनीनगर) में भाजपा का संगठनात्मक रूप से नया जिला बनेगा. जल्द ही इसका विस्तृत ब्योरा सामने आ जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










