बेलगड़िया में बिछेगा बिजली का नया नेटवर्क, बनेगा 20 एमवीए सब-स्टेशन

Updated:
विज्ञापन

झरिया पुनर्वास टाउनशिप बेलगड़िया में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 20 एमवीए का नया सब-स्टेशन और 33 केवी लाइन का निर्माण किया जाएगा। जानें पूरी जानकारी।

विज्ञापन

विक्की प्रसाद, धनबाद

बेलगड़िया टाउनशिप और आसपास में बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 20 एमवीए क्षमता का नया पावर सब स्टेशन (पीएसएस) बनाया जायेगा. इस पावर सब स्टेशन के शुरू होने से इलाके में बिजली आपूर्ति का नेटवर्क मजबूत होगा और बढ़ती आबादी के साथ बढ़ रही बिजली की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी.

आबादी बढ़ने से बिजली की मांग बढ़ी, इसी वजह से बनेगा नया सब-स्टेशन

झरिया पुनर्वास योजना में आती है बेलगड़िया टाउनशिप बेलगड़िया झरिया पुनर्वास योजना के तहत विकसित हो रही टाउनशिप का महत्वपूर्ण हिस्सा है. झरिया समेत अन्य अग्नि प्रभावित और असुरक्षित इलाकों से लोगों को पुनर्वास योजना के तहत यहां बसाया जा रहा है. ऐसे में आने वाले समय में बेलगड़िया और आसपास की आबादी में और वृद्धि होने की संभावना है. टाउनशिप में घरों के अलावा स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार होने के साथ बिजली की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है. इसी के मद्देनजर यह सब स्टेशन बनाया जायेगा.

नया पावर सब-स्टेशन घटायेगा ओवरलोडिंग, सुधरेगी बिजली आपूर्ति

10-10 एमवीए के दो नये पावर ट्रांसफॉर्मर लगेंगे बेलगड़िया में प्रस्तावित पावर सब स्टेशन 2×10 एमवीए क्षमता का होगा. यानी इसमें दो 10-10 एमवीए के पावर ट्रांसफॉर्मर होंगे. नया पावर सब-स्टेशन बनने से मौजूदा बिजली नेटवर्क पर लगातार बढ़ रहे लोड को अलग करने में मदद मिलेगी. इससे ओवरलोडिंग कम होगी और बिजली आपूर्ति सुधारेगी. नयी 33 केवी की लाइन से मिलेगा अतिरिक्त सपोर्ट पावर सब-स्टेशन के साथ नयी 33 केवी बिजली लाइन भी तैयार होगी. यह लाइन पावर सब-स्टेशन को बिजली नेटवर्क से जोड़ेगी. नयी लाइन से भविष्य में इलाके की बढ़ती मांग के अनुसार बिजली वितरण को विस्तार देना आसान होगा. इसका फायदा बेलगड़िया टाउनशिप के अलावा आसपास के क्षेत्रों को भी मिलेगा. खासकर गर्मी के मौसम में एसी, कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल से बढ़ने वाले लोड को संभालने में नयी व्यवस्था उपयोगी साबित होगी.

फॉल्ट पर मिलेगा वैकल्पिक स्रोत, बिजली कटौती से मिलेगी राहत

फॉल्ट होने पर दूसरे स्रोत का होगा विकल्पनयी बिजली संरचना का एक बड़ा लाभ यह भी होगा कि मौजूदा नेटवर्क पर निर्भरता कमेगी. किसी क्षेत्र में तकनीकी खराबी या लाइन में फॉल्ट होने पर बिजली व्यवस्था को दूसरे स्रोत से संभालने की संभावना बढ़ेगी. इससे लंबे समय तक बिजली कटौती से निजात मिलेगी. इसके अलावा भविष्य में बेलगड़िया टाउनशिप के विस्तार और नये घरों में बिजली कनेक्शन बढ़ने के साथ अतिरिक्त लोड को संभालने का भी आधार तैयार होगा. टेंडर की प्रक्रिया शुरूइस योजना के लिए जेबीवीएनएल ने टेंडर जारी किया है. इलेक्ट्रिकल कार्य में पावर ट्रांसफॉर्मर, वीसीबी, बस, स्टेशन ट्रांसफॉर्मर, एसी-डीसी पैनल, कैपेसिटर बैंक, अर्थिंग और प्रोटेक्शन सिस्टम सहित आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना, टेस्टिंग और कमीशनिंग समेत 33 केवी लाइन का काम भी शामिल है. बाउंड्री वॉल, कंट्रोल रूम, केबल ट्रेंच, सड़क और फेंसिंग जैसे सिविल कार्यों के लिए अलग से टेंडर होगा.

नये सब-स्टेशन की योजना पर काम शुरू : जीएम

जेबीवीएनएल के जीएम एके सिन्हा ने कहा कि बेलगड़िया और आसपास के इलाकों में आबादी तेजी से बढ़ रही है. मौजूदा नेटवर्क से सभी को बिजली मुहैया कराने में परेशानी आने लगी है. मांग और बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए नये सब-स्टेशन का निर्माण कराने की योजना पर काम शुरू किया गया है.


विज्ञापन
Vicky Prasad

लेखक के बारे में

By Vicky Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola