कांग्रेस की समीक्षा बैठक में SIR, छात्र आंदोलन और विस्थापन का मुद्दा उठा

Updated:
विज्ञापन

समीक्षा बैठक में शामिल कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता

धनबाद में कांग्रेस की लोकसभा स्तरीय समीक्षा बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और जन मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई. SIR के तहत मतदाताओं की मदद करने और छात्र व विस्थापन जैसे अहम मुद्दों को उठाने का संकल्प लिया गया.

विज्ञापन

धनबाद के सर्किट हाउस में रविवार को कांग्रेस की धनबाद लोकसभा स्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन की समीक्षा के साथ संगठन को बूथ और ग्रासरूट स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई. SIR, छात्र आंदोलन, JPSC-JSSC परीक्षा, जन समस्याओं और भू-धंसान से प्रभावित विस्थापितों के मुद्दे भी बैठक में प्रमुखता से उठे. बैठक में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, एआईसीसी सचिव सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और धनबाद लोकसभा प्रभारी कुमार जयमंगल सिंह समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे.

SIR में मतदाताओं की मदद करेंगे कार्यकर्ता

के. राजू ने कहा कि SIR के तहत कई मतदाताओं को नोटिस मिल रहे हैं. कांग्रेस के बीएलए, ब्लॉक और जिला प्रभारी संबंधित मतदाताओं को जरूरी दस्तावेज जमा कराने में मदद करेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि किसी पात्र मतदाता का नाम या वोट प्रभावित न हो. इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में SIR की निगरानी करेंगे.

अंबा प्रसाद को जन मुद्दों की जिम्मेदारी

जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए गठित कैंपेन कमेटी की नॉर्थ छोटानागपुर प्रमंडल की जिम्मेदारी अंबा प्रसाद को दी गयी है. उन्होंने कहा कि पार्टी लोगों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर सुनेगी और उनके समाधान के लिए आवाज उठायेगी. उन्होंने विस्थापन को क्षेत्र की बड़ी समस्या बताते हुए प्रभावित लोगों की लड़ाई मजबूती से उठाने की बात कही.

छात्र आंदोलन और परीक्षाओं पर सरकार को घेरा

के. राजू ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है. उन्होंने JPSC और JSSC CGL परीक्षा से जुड़े मामलों में छात्रों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर छात्रों की समस्याओं को उठाया है.

इरफान अंसारी ने पुनर्वास और इलाज का मुद्दा उठाया

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भू-धंसान प्रभावित विस्थापितों के पुनर्वास का मुद्दा उठाया. उन्होंने प्रशासन से प्रभावित लोगों की स्थिति का आकलन कर उचित मुआवजा और पुनर्वास सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि विस्थापित दूर के स्थान पर जाने को तैयार नहीं हैं, तो आसपास की जमीन पर पुनर्वास पर विचार किया जाना चाहिए. छात्र आंदोलन के दौरान मेडिकल इमरजेंसी होने पर मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की भी बात कही.


विज्ञापन
Sudhir Sinha

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola