JPSC-JSSC विवाद को लेकर आजसू छात्र संघ का हल्ला बोल, रणधीर वर्मा चौक पर पुतला दहन
पुतला दहन करते जिला आजसू छात्र संघ
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर आजसू छात्र संघ ने आंदोलन तेज कर दिया है. छात्र संगठन ने सभी विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की है.
JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद के बीच आजसू छात्र संघ ने आंदोलन तेज कर दिया है. संगठन की ओर से रविवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व आजसू छात्र संघ के प्रदेश महासचिव विशाल महतो और कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने किया.
सभी विवादित परीक्षाएं रद्द करने की मांग
आजसू छात्र संघ ने JPSC और JSSC की सभी विवादित परीक्षाओं को अविलंब रद्द करने की मांग की. संगठन का आरोप है कि परीक्षाओं में कथित तौर पर धांधली हुई है. छात्र संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग भी की.
24 जिलों में आंदोलन का दावा
छात्र संघ के अनुसार, पुतला दहन कार्यक्रम राज्य के सभी 24 जिलों में चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और झारखंडी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. संगठन ने कहा कि कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए.
20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का समर्थन
आजसू छात्र संघ ने आगामी 20 अगस्त को छात्रों की ओर से प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव का समर्थन किया है. प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि घेराव कार्यक्रम में धनबाद समेत पूरे राज्य से आजसू छात्र संघ के कार्यकर्ता और छात्र शामिल होंगे.
उन्होंने कहा कि जब तक परीक्षाओं के मामले में निष्पक्ष जांच का आदेश नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
प्रदर्शन में छात्र नेता विक्की कुमार, विनेश वर्मा, रौनक राज, भोला पासवान, राकेश महतो, विवेक गोप, जीत दास, सुमित सरदार, विक्की मोदी, संतोष महतो सहित अन्य छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए