नेशनल इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में हादसा, धनबाद बीबीएमकेयू की दो छात्राएं घायल

Updated at : 10 Mar 2026 10:30 PM (IST)
विज्ञापन
Kumud Kumari

गंभीर रूप से घायल कुमुद कुमारी का फाइल फोटो.

Dhanbad: चेन्नई में आयोजित नेशनल इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में भाग लेने गयी बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) की टीम की दो छात्राएं एक हादसे में घायल हो गई हैं. दोनों गुरुनानक कॉलेज की छात्राएं हैं.

विज्ञापन

धर्मेंद्र कुमार
Dhanbad: चेन्नई में आयोजित नेशनल इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में भाग लेने गयी बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) की टीम एक हादसे का शिकार हो गयी. मंगलवार की सुबह आयी तेज हवा से लोहे का तोरण द्वार गिर गया, जिसकी चपेट में आकर बीबीएमकेयू की दो छात्राएं घायल हो गयीं. इनमें एक छात्रा को गंभीर चोट लगी है, जबकि दूसरी को मामूली चोट आई है. दोनों छात्राएं धनबाद के गुरुनानक कॉलेज की हैं और बीबीएमकेयू की फोक ग्रुप डांस टीम की सदस्य के रूप में इस राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने चेन्नई गयी थीं. घायलों का इलाज चेन्नई के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह लगभग 9.30 बजे चेन्नई स्थित मेजबान सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी परिसर में नेशनल इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल की तैयारियां चल रही थीं. परिसर में प्रवेश मार्ग के दोनों ओर लोहे का बड़ा तोरण द्वार बनाया गया था. इसी दौरान तेज हवा आयी से लोहे का यह ढांचा गिर गया. उसी समय वहां से गुजर रहीं दोनों छात्राएं इसकी चपेट में आ गयीं. दुर्घटना में मेजबान विश्वविद्यालय का एक वॉलेंटियर भी घायल हुआ है.

बीकॉम की छात्रा कुमुद कुमारी को गंभीर चोट

हादसे में पाथरडीह निवासी कुमुद कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी. वह गुरुनानक कॉलेज में बीकॉम सेमेस्टर पांच की छात्रा हैं. लोहे के ढांचे के नीचे दबने से उनके सिर, कंधे, हाथ और कमर में चोट लगी है. चिकित्सकीय जांच में उनके हाथ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है. साथ ही कमर के पेल्विक बोन में भी गंभीर चोट पायी गयी है. मंगलवार की शाम उसका ऑपरेशन किया गया. फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार वह खतरे से बाहर हैं और उसका इलाज चेन्नई के निजी अस्पताल में जारी है.

बीए इंग्लिश ऑनर्स की छात्रा प्रियेशा पॉल को कंधे में चोट

दूसरी घायल छात्रा प्रियेशा पॉल हैं, जो गुरुनानक कॉलेज में बीए इंग्लिश ऑनर्स सातवें सेमेस्टर की छात्रा हैं. हादसे में उसके कंधे में चोट लगी है और हाथ में हेयरलाइन फ्रैक्चर है. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी स्थिति स्थिर बतायी है. हादसे के तुरंत बाद दोनों छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया. वहां उनका सीटी स्कैन और अन्य जरूरी चिकित्सकीय जांच करायी गयी. जांच रिपोर्ट में राहत की बात यह रही कि दोनों छात्राओं के सिर में किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं पायी गयी. आयोजन की मेजबान संस्था सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी द्वारा ही घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था करायी जा रही है.

नाश्ता करने जाते समय हुआ हादसा

बीबीएमकेयू टीम के लीडर डॉ जयगोपाल मंडल ने दूरभाष पर बताया कि घटना उस समय हुई जब विश्वविद्यालय की टीम के अन्य सदस्य राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर रहे थे. इसी दौरान कुमुद कुमारी और प्रियेशा पॉल नाश्ता करने के लिए कैंटीन की ओर जा रही थीं.

अभिभावकों और विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गयी सूचना

घटना के तुरंत बाद इसकी जानकारी दोनों छात्राओं के अभिभावकों और विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गयी. दोनों छात्राएं अपने परिवार के संपर्क में हैं. कुमुद कुमारी का भाई चेन्नई में ही रहता है, जो अस्पताल पहुंचकर उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है. बीबीएमकेयू प्रशासन भी लगातार टीम लीडर और अस्पताल से जानकारी ले रहा है.

कुलपति ने बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया निर्देश

बीबीएमकेयू के कुलपति प्रो राम कुमार सिंह ने छात्राओं के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू डॉ पुष्पा कुमारी भी लगातार टीम के संपर्क में रहकर छात्राओं की स्थिति की जानकारी ले रही हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन मेजबान संस्थान से भी लगातार समन्वय बनाए हुए है.

14 मार्च तक चलेगा राष्ट्रीय युवा महोत्सव

एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) द्वारा आयोजित नेशनल इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल की मेजबानी इस वर्ष चेन्नई का सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी कर रहा है. पांच दिवसीय यह राष्ट्रीय युवा महोत्सव मंगलवार से शुरू हुआ है और 14 मार्च तक चलेगा. इसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं.

क्या कहना है कॉलेज और यूनिवर्सिटी का

गुरुनानक कॉलेज की प्राचार्या डॉ रंजना दास ने कहा कि हादसे की सूचना मिलने के बाद से ही लगातार विश्वविद्यालय के टीम लीडर और घायल छात्राओं के परिजनों के संपर्क में हैं. कुमुद कुमारी को अपेक्षाकृत अधिक चोट लगी है, लेकिन अब वह खतरे से बाहर हैं और उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो चुका है. कॉलेज प्रशासन भी हर संभव सहयोग के लिए तैयार है.

बीबीएमकेयू की डीएसडब्ल्यू डॉ पुष्पा कुमारी ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद से ही हम लगातार अपनी टीम और मेजबान विश्वविद्यालय प्रशासन के संपर्क में हैं. छात्राओं को वहां बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है. दोनों छात्राओं की स्थिति फिलहाल स्थिर है और विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

ये भी पढ़ें…

LPG Crisis: रांची में LPG को लेकर हंगामा! बुकिंग बंद, डिलीवरी गायब; लोग परेशान

झारखंड के 3 यूनिवर्सिटी को मिल गए कुलपति, राज्यपाल संतोष गंगवार ने लगाई मुहर

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola