Deoghar News : कमीशन पर एटीएम व सिम कार्ड सप्लाई करने वाले दो साइबर आरोपी गिरफ्तार
Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 04 Apr 2026 9:09 PM
साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कमीशन पर एटीएम कार्ड और सिम उपलब्ध कराकर ठगी के पैसे की निकासी में सहयोग करते थे.
वरीय संवाददाता, देवघर : साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कमीशन पर एटीएम कार्ड और सिम उपलब्ध कराकर ठगी के पैसे की निकासी में सहयोग करते थे. प्रारंभिक जांच में इनके नेटवर्क और कार्यशैली का खुलासा हुआ है. पुलिस मीडिया सेल द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, एसपी सौरभ के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत साइबर डीएपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में तीन अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई की गयी. छापेमारी के दौरान दो आरोपितों को पकड़ा गया, जिनके पास से दो मोबाइल, दो सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड और 9,700 रुपये नकद बरामद किये गये. गिरफ्तार आरोपितों में यूपी के आगरा जिला अंतर्गत बाहा थाना क्षेत्र के मस्जिद जरार बाहा निवासी संजय प्रताप सिंह व देवघर के मारगोमुंडा अंतर्गत पंदनिया गांव निवासी मीर हमजा अंसारी शामिल है. पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पहले गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते थे, जहां उनकी दोस्ती हुई थी. नौकरी छोड़ने के बाद मीर हमजा घर लौट आया और साइबर अपराध में संलिप्त हो गया. इसके बाद उसने अपने दोस्त संजय प्रताप से संपर्क कर एटीएम कार्ड मंगाना शुरू किया. जांच में यह भी पता चला कि संजय प्रताप 10,000 रुपये में एटीएम कार्ड उपलब्ध कराता था और ठगी की रकम निकालने पर कमीशन भी लेता था. इसके अलावा यूपी से ब्लैक में सिम कार्ड उपलब्ध कराने की बात भी सामने आयी है. छापेमारी दल में साइबर थाना के एसआइ अमर कुमार राम के साथ मधुपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है. हाइलाइट्स 10 हजार रुपये में उपलब्ध कराते थे एटीएम कार्ड, रकम निकासी के लिए लेते थे कमीशन ठगी की रकम एटीएम से निकालकर पहुंचाते थे साथियों तक गुजरात में नौकरी के दौरान हुई थी दोनों की दोस्ती, बाद में जुड़े साइबर अपराध से
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










