साइबर पुलिस ने सुरा-भूरा जंगल से छह साइबर आरोपियों को किया गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
साइबर पुलिस ने सुरा-भूरा जंगल से छह साइबर आरोपियों को किया गिरफ्तार

देवघर साइबर पुलिस ने गुप्त सूचना पर पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सुरा भूरा जंगल में छापेमारी कर छह साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 11 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और प्रतिबिंब सिम जब्त किया.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर. देवघर साइबर पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सुरा भूरा जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी करते छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 11 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम जब्त किया है. सभी आरोपित फर्जी फोन-पे कस्टमर केयर अधिकारी बनकर, लॉटरी लगने और लोन पास कराने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे. गिरफ्तार आरोपितों में मिथुन दास, निवासी ढकढका, थाना देवीपुर, विशु दास, चंदन दास, कैलाश दास और कुंदन कुमार दास, चारो निवासी झुनाकी, थाना पथरड्डा ओपी तथा अजीत कुमार दास, निवासी दुलीडीह, थाना मधुपुर शामिल हैं. सभी देवघर जिले के रहने वाले हैं.

पुलिस मीडिया सेल की जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी जंगल में एकत्र होकर ठगी की तैयारी कर रहे हैं. इसके बाद एसपी ने पुनि नागेंद्र कुमार मंडल के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी करायी. पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को मोबाइल के साथ पकड़ा. पूछताछ में सभी ने संगठित गिरोह के रूप में साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की. तकनीकी जांच में बरामद मोबाइल और सिम कार्ड में से कुछ के विरुद्ध प्रतिबिंब और जेएमआइएस पोर्टल पर पूर्व से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिली हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने प्रस्तुत किया. वहीं से सभी को जेल भेज दिया गया. छापेमारी टीम में पथरड्डा ओपी क्षेत्र के एसआइ उपेंद्र मिश्रा सहित पुलिस बल भी शामिल थे.

तीन आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विशु दास पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 21/21, मिथुन दास कांड संख्या 34/25 और चंदन दास कांड संख्या 20/24 में आरोपित रह चुके हैं. इसके बावजूद तीनों अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोबारा साइबर ठगी के धंधे में सक्रिय हो गये थे. पुलिस इनके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है.

हाइलाइटर

॰पथरड्डा ओपी क्षेत्र में साइबर पुलिस टीम की छापेमारी॰11 मोबाइल, 12 सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम बरामद

॰फर्जी फोन-पे कस्टमर केयर, लॉटरी और लोन के नाम पर करते थे ठगी

॰तीन आरोपी पहले भी साइबर कांडों में जा चुके हैं जेल

विज्ञापन
आशीष कुंदन

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola