देवघर में डेढ़ महीने पहले खोदे गये गड्ढे बने खतरनाक, नाला तो बना नहीं, दुर्घटनाओं को आमंत्रण

नाला बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे.
Deoghar: डेढ़ महीने पहले देवघर-जसीडीह मुख्य पथ पर नाला बनाने के लिए जो गड्ढे खोदे गए थे, वे अब खतरनाक हो गए हैं. नवंबर में ही काम पूरा करने का समय था, लेकिन अब तक 70 फीसदी काम भी पूरा नहीं हुआ है.
Deoghar: डेढ़ महीने पहले देवघर-जसीडीह मुख्य पथ पर नाला बनाने के लिए खोदे गये गड्ढे अब खतरनाक हो गया है और हर दिन दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहा है. कम मजदूरों और धीमी गति से चल रहे काम के कारण नाला अभी तक नहीं बन पाया है. सत्संग चौक से वीआइपी चौक तक गड्ढों और फैली मिट्टी ने आवागमन को जोखिम भरा बना दिया है, जबकि बैंक, क्लिनिक और व्यस्त दुकानें भी प्रभावित हो रही हैं. एनएच डिविजन ने ठेकेदार को चेतावनी तो दी है, लेकिन स्थानीय लोग अभी भी सुरक्षित आवागमन की आस लगाये बैठे हैं.
लोगों को हो रही परेशानी
एनएच-333 देवघर-जसीडीह मुख्य पथ स्थित सत्संग चौक से जमुनाजोर के बीच एनएच डिविजन से 1.13 करोड़ की लागत से नाला निर्माण का काम चल रहा है. नाला निर्माण की कार्य अवधि नवंबर 2025 में ही समाप्त हो गयी है, लेकिन अभी तक 70 फीसदी भी नाला नहीं बन पाया है. करीब डेढ़ महीने से नाला की खुदाई कर दिये जाने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. एसबीआई मुख्य शाखा सहित एटीएम के दरवाजे पर गड्ढे की खुदाई कर लंबे समय तक छोड़ दिये जाने से बुजुर्गों को बैंक और एटीएम आने-जाने में परेशानी हो रही है. वीआईपी चौक से एसबीआई तक दुकानें और डॉक्टर का क्लिनिक है, ऐसे में लोगों को आवागमन में परेशानी काफी बढ़ गयी है.
ठेकेदार को फरवरी तक का मिला समय
नाले की खोदी गयी मिट्टी फुटपाथ और सड़क पर फैली हुई है. ऊपर से अवांछित चारपहिया वाहनों की पार्किंग से सड़कों की चौड़ाई काफी कम हो गयी है. नतीजा है कि सत्संग मोड़ से वीआईपी चौक की तरफ आने वाले तेज रफ्तार वाहन काफी जानलेवा हो गये हैं. नाला निर्माण का काम बीच में कई बार बंद होता गया. लंबे नाले के निर्माण में केवल एक यूनिट मजदूर और मिस्त्री की टीम लगायी गयी है, जिस कारण काम में तेजी नहीं है. काम धीमा रहने से विभाग के इंजीनियर भी नाराज हैं. एनएच डिविजन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रविपद मांझी ने निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार को नोटिस भेजकर चेतावनी दी है. ठेकेदार को चेतावनी में कहा गया है कि अगर फरवरी माह के अंत तक काम पूरा नहीं हुआ तो विभागीय नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
चेतावनी से संबंधित कोई बोर्ड नहीं
सड़क किनारे गड्ढे खोद दिये जाने के बाद खतरनाक प्वाइंट की चेतावनी से संबंधित बोर्ड भी नहीं लगाये गये हैं. इससे रात में लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. सतर्कता के साथ अगर नहीं चला जाये, तो कभी भी इस जगह पर बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है. स्थानीय लोगों के द्वारा नगर निगम में इसकी शिकायत भी की गयी है, लेकिन इस दिशा में अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गयी है. स्थानीय लोगों की माने तो आसपास का इलाका काफी घना होने के साथ-साथ डॉक्टर का क्लीनिक है. आने-जाने वाले लोगों के लिए बड़ी दुर्घटना की भी संभावना बनी रहती है.
क्या कहना है अधिकारियों का
इस मामले पर नगर निगम के एई पारस कुमार ने कहा कि नाला का निर्माण एनएच डिविजन द्वारा कराया जा रहा है. लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम के द्वारा साइट को क्लीयर करने का भी अनुरोध भी एनएच से किया गया है, ताकि आवागमन सुगम हो सके. एनएच डिविजन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रविपद मांझी ने कहा कि सत्संग चौक से जमुनाजोर के बीच 1.13 करोड़ की लागत से नाला निर्माण कराया जा रहा है. प्राक्कलन के अनुसार मशीन से नाले की खुदाई करनी थी, लेकिन अंडरग्राउंड बिजली की तार से मैनुअल खुदाई करनी पड़ रही है. मैनुअल काम होने से खुदाई में देरी हुई है. नवंबर में काम पूरा करना था, ठेकेदार को फरवरी तक अंतिम समय दिया गया है. साथ ही काम में तेजी लाने के लिए मजदूर और मिस्त्री का यूनिट एक से बढ़ाकर चार करने का निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें…
चांडिल की बिहार स्पंज आयरन कंपनी बंद, 450 से अधिक मजदूरों के सामने रोजी रोटी का संकट
5 माह से लापता संतोष कुमार का कोई पता नहीं, परिवार ने रखा 2 लाख का इनाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




