स्वर्ग सा सजेगा देवघर: बाबा की बारात में दिखेगा 'साइबर दैत्य' से कल्कि अवतार तक की झलक

Published by : Sameer Oraon Updated At : 14 Feb 2026 4:44 PM

विज्ञापन

देवघर की सड़क का दृश्य और शिव बारात के लिए मूर्ति तैयार करते कलाकार

Mahashivratri Deoghar: देवघर में इस वर्ष महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शिवबारात बेहद भव्य और संदेशात्मक होगी. 12 ज्योतिर्लिंगों की झांकी के साथ-साथ 'साइबर दैत्य' और महिला क्रिकेट टीम की सफलता जैसे सामाजिक संदेश आकर्षण का केंद्र रहेंगे. पहली बार ड्रोन और लेजर शो के जरिए बाबा की महिमा का बखान होगा.

विज्ञापन

Mahashivratri Deoghar, देवघर (संजीत मंडल): देवघर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से निकाली जाने वाली शिवबारात को इस वर्ष और भी भव्य, अलौकिक व संदेशात्मक बनाने का प्रयास किया गया है. इस बार आस्था, संस्कृति और आधुनिक संदेशों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. बाबा भोलेनाथ की बारात में इस बार 12 ज्योतिर्लिंगों का प्रारूप विशेष झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, जहां सभी ज्योतिर्लिंगों में मौजूद पुरोहित विधिवत पूजा करते नजर आएंगे.

सामाजिक जागरूकता को दी गयी है शिव बारात में प्राथमिकता

शिवबारात में सामाजिक जागरूकता को भी प्रमुखता दी गयी है. साइबर अपराध के प्रति लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से ‘साइबर दैत्य’ को भी बारात में शामिल किया गया है, जो आधुनिक दौर में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश देगा. वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप में शानदार सफलता को भी झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, जो नारी सशक्तीकरण और खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करेगा.

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी थीम भी शिवबारात का हिस्सा होंगी

इसके अलावा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘कलयुग थीम’ और ‘कल्कि अवतार’ जैसी आकर्षक झांकियां भी शिवबारात का हिस्सा होंगी. देवी-देवताओं के स्वरूपों के साथ-साथ भूत-प्रेत, साधु-संत, राक्षस और शिवगणों के विविध रूपों में बाराती शामिल होंगे. हाथी, घोड़ा, नंदी, भृंगी, भूत-बेताल, डाकिन, चुड़ैल, पिशाच सहित ढोल-बाजा, बैंड और भांगड़ा की धुनों के साथ शिवबारात निकलेगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी.

Also Read: कोडरमा बनेगा ‘ग्लोबल हब’: अब अभ्रक ही नहीं, ‘अन्य दुर्लभ खनिजों’ से चमकेगी धरती, केंद्र की बड़ी पहल

शिव बारात में शामिल होने वालों देखने को मिलेगा अनोखा शो

शिवबारात में शामिल होने वाले लोगों को इस बार कई नये और अनोखे शो देखने को मिलेंगे. बारात को और आकर्षक बनाने के लिए पूरे शहर में शिव धुनों की गूंज सुनाई देने लगी है. जगह-जगह लाउडस्पीकर लगाए गए हैं. शिवबारात के दौरान ड्रोन शो भी आकर्षण का बड़ा केंद्र होगा. टावर चौक पर संध्या 8:30 बजे से करीब 20 से 25 मिनट तक ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा.

लेजर शो के माध्यम से शिव की महिमा की दी जाएगी जानकारी

इसी दौरान लेजर शो के माध्यम से श्रद्धालुओं को शिव की महिमा, शिव कथा और महाशिवरात्रि से जुड़े प्रसंगों की जानकारी दी जाएगी. इसे लेकर शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों को रंग-बिरंगी स्पाइरल लाइटों से सजाया गया है. शिवबारात के सभी रूट लाइन पथ को भी आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से भव्य रूप दिया गया है. श्रद्धा, भक्ति और आधुनिक तकनीक के संगम से सजी यह शिवबारात महाशिवरात्रि पर शहरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए यादगार आयोजन साबित होने की उम्मीद है.

Also Read: रेलवे में नौकरी का झांसा देकर 6 लोगों से 40.47 लाख की ठगी, धनबाद में दो गिरफ्तार

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola