रेलवे में नौकरी का झांसा देकर 6 लोगों से 40.47 लाख की ठगी, धनबाद में दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

2024 में शुरू हुआ झांसे का सिलसिला.

Dhanbad Job Fraud: धनबाद में रेलवे स्पोर्ट्स कोटा से नौकरी दिलाने के नाम पर 40.47 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. धनबाद थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नकद, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और दस्तावेज बरामद किये हैं. गिरोह की जांच जारी है. नीचे पूरी खबर पढ़ें.

विज्ञापन

Dhanbad Job Fraud: धनबाद में रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा से नौकरी दिलाने के नाम पर छह युवकों से 40.47 लाख रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले के 63बी चेन्नामार्यमन कोविन स्ट्रीट निवासी एस बालाजी की शिकायत पर धनबाद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद थाना क्षेत्र के ठाकुरकुल्ही निवासी संजीत कुमार और सरायढेला की तपोवन कॉलोनी का सुबोध कुमार शामिल हैं. उनके पास से 20 हजार रुपये नकद और दो कार जब्त किये गये हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

एक्स-आर्मी मैन हैं बालाजी

मिली जानकारी के अनुसार, बालाजी एक्स-आर्मी मैन हैं. पीड़ित युवक इनकी जान-पहचान के हैं. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी. आरोपियों के पास से मोबाइल, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, स्पोर्ट्स कोटा का सर्टिफिकेट, अभ्यर्थियों का आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आइआरसीटीसी की मुहर, चेकबुक बरामद किये गये.

डोकरा हॉल्ट पर करायी तीन माह ट्रेनिंग

सिटी एसपी ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसमें अलग-अलग लोगों की भूमिका तय थी. सुबोध कुमार देश भर में नौकरी का लालच देता था, जबकि संजीत मेडिकल और कागजी कार्यवाही संभालता था. दोनों प्रति अभ्यर्थी 7-8 लाख वसूलते थे. पुलिस के अनुसार, गिरोह युवाओं को स्पोर्ट्स कोटा से रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देता था. गिरोह ने पहले एस बालाजी का प्रमाणपत्र बनवाकर दिया. फिर धनबाद रेलवे अस्पताल में मेडिकल जांच कराकर रिपोर्ट सौंपी.

इसके बाद फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर डोकरा हॉल्ट में तीन माह तक ट्रेनिंग करायी. पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर अभ्यर्थियों को वापस भेज दिया गया. कई माह बाद भी नियुक्ति नहीं होने पर उन्हें संदेह हुआ, तो मामला दर्ज कराया. सिटी एसपी ने डोकरा हॉल्ट में ट्रेनिंग व रेलवे अस्पताल में हुए मेडिकल को जांच का विषय बताया. पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्य देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय हैं, जिनकी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: कागजों पर हो रहा धनबाद नगर निगम का ई-कचरा कलेक्शन, निस्तारण गंभीर चुनौती

दिल्ली में मनीष से हुई थी बालाजी की मुलाकात

पीड़ित बालाजी की दिसंबर 2024 में दिल्ली में मनीष से मुलाकात हुई. बालाजी के जरिए पालनी, प्रगलनादन, बुपालन सी, देवन आर समेत अन्य अभ्यर्थी धनबाद आये. अश्विनी उर्फ राजीव मिश्रा ने ट्रेनिंग करायी. सागर चक्रवर्ती के खाते में कुल 40.47 लाख ट्रांसफर हुए. यही नहीं, और रकम नहीं देने पर धमकी दी गयी. प्रेस वार्ता के दौरान प्रशिक्षु आइपीएस अंकित सिन्हा, धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय, एसआइ विवेकानंद श्रीवास्तव, राजेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में दिखेगा आधी आबादी का दम, 55 वार्डों में 262 महिला प्रत्याशी ने गाड़ा खंब

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola