सनरेज हाई स्कूल पालोजोरी की छात्राओं ने सरहद में डटे सैनिक भाईयों के नाम भेजी राखियां

सनरेज की छात्राओं द्वारा बनाई गई राखी| Prabhat Khabar Network
पालोजोरी के सनरेज हाई स्कूल की छात्राओं ने डाक विभाग के साथ मिलकर सरहद पर तैनात सैनिकों के लिए हस्तनिर्मित राखियां भेजीं.
पालोजोरी: भारतीय डाक विभाग ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने की पहल करते हुए देवघर डिवीजन के पालोजोरी स्थित सनरेज हाई स्कूल में राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया. प्रतियोगिता में स्कूल की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने हाथों से बनाई गई राखियों को भारतीय डाक विभाग की मदद से देश की रक्षा में तैनात सैनिकों तक भेजा.
प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और घरेलू सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक और रचनात्मक हस्तनिर्मित राखियां तैयार कीं. उनकी कला और रचनात्मकता की सभी ने सराहना की.
बाजार की चकाचौंध के बीच बहनों के हाथों से बनी राखी
सनरेज हाई स्कूल के निदेशक ओम प्रकाश सिंह और सचिव प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि बाजार की चकाचौंध के बीच भी बहनों के हाथों से बनी राखी का भावनात्मक महत्व सबसे अधिक होता है. उन्होंने कहा कि डाक विभाग की यह पहल युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, रक्षाबंधन के महत्व और हस्तनिर्मित राखियों की समृद्ध परंपरा से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है. उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा तैयार की गई राखियों को डाक विभाग के माध्यम से आर्मी कैंप भेजना देश के सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सुंदर माध्यम है.
कार्यक्रम में डाक विभाग के राम प्रसाद पाल, विनय यादव, प्रशांत कुमार राय और सतीश पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक अभय कुमार ठाकुर, लखन दत्ता, नरसिंह महतो, सुदीप भादूड़ी, अंजली हांसदा, प्रियंका कर, अनुप्रिया झा, अशोक मिश्रा, अयूब आलम, शिवकांत विकास, तपन दत्त, मुकेश कुमार मंडल, उज्ज्वल कुमार पंडित, पूनम गुप्ता और बसंती राय उपस्थित थे. प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं की राखियां आकर्षक रहीं. इनमें नव्या, खुशी, मेहक, काव्या, आरूषी, आदिती, रोहिणी, आदित्या, इरा, हर्षिता और फातिमा द्वारा बनाई गई राखियों को विशेष रूप से सराहा गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By उदय कांत सिंह
प्रभात खबर में 2015 से जुड़े हैं. अंचल की पत्रकारिता करते हैं. ग्रामीणों की समस्याओं और विकासात्मक पत्रकारिता करते हैं. ग्रासरूट लेवल के जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










