दान पेटी लेकर विधानसभा पहुंचे सपा विधायक, राम मंदिर चंदा, NEET Exam और आरक्षण को लेकर योगी सरकार को घेरा

प्रदर्शन करते सपा विधायक
UP News: समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा सत्र की शुरुआत से पहले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. राम मंदिर चंदा, NEET पेपर लीक, आरक्षण और अटकी भर्तियों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए दान पेटी और पोस्टरों का इस्तेमाल किया गया.
UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. पार्टी के विधायक हाथों में पोस्टर, बैनर और दान पेटी लेकर पहुंचे और राम मंदिर चंदा, NEET पेपर लीक, आरक्षण, अटकी भर्तियों, छात्रों पर लाठीचार्ज और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान विधानसभा परिसर का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया. विपक्ष ने सरकार पर जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया.
दान पेटी और पोस्टरों के जरिए सरकार को घेरा
सपा विधायकों ने प्रदर्शन के दौरान दान पेटी को प्रतीक बनाकर सरकार पर निशाना साधा. पोस्टरों पर राम मंदिर चंदा, NEET परीक्षा, जंतर-मंतर लाठीचार्ज और बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुखता से लिखे गए थे. सपा विधायक अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि चंदा चोरी मामले में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई हुई, जबकि बड़े नाम अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं. उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में शिक्षा, भर्ती और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे मजबूती से उठाए जाएंगे.
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले- हर सवाल पर चर्चा को तैयार सरकार
विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने और हर विषय पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर 12:30 बजे सरकार विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश करेगी. उन्होंने विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की भी अपील की.
सनातन और हिंदू संस्कृति पर टिप्पणी को लेकर भी साधा निशाना
सुरेश खन्ना ने संसद में सनातन धर्म और हिंदू संस्कृति पर हुई कथित टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि हिंदू आस्था और संस्कृति का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सदन के भीतर सभी राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने के लिए तैयार है.
अयोध्या, NEET और युवाओं के मुद्दे उठाएगी सपा
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मानसून सत्र में अयोध्या प्रकरण, NEET पेपर लीक, युवाओं की अटकी भर्तियों और सरकारी स्कूलों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी. वहीं कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि जिस तरह संसद में अयोध्या का मुद्दा उठाया गया, उसी तरह विधानसभा में भी कांग्रेस इसे मजबूती से उठाएगी.
साइकिल पर पहुंचे विधायक आशुतोष वर्मा, दान पत्र बना चर्चा का विषय
सपा विधायक आशुतोष वर्मा विधानसभा परिसर में साइकिल से पहुंचे. उनकी साइकिल पर दान पत्र लगा हुआ था, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. उन्होंने कहा कि अयोध्या में चंदा चोरी का मामला बेहद गंभीर है और विपक्ष इस मुद्दे को पूरे सत्र के दौरान सदन में उठाएगा. वहीं सपा विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का जवाब सरकार को सदन में देना होगा.
मायावती पर भी बोले इरफान सोलंकी
सपा नेता इरफान सोलंकी ने बहुजन समाज पार्टी में लगातार हो रहे फेरबदल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बसपा प्रमुख मायावती पर सत्ता पक्ष की ओर से दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि दलित समाज का लगातार अपमान हो रहा है और मायावती जैसी बड़ी दलित नेता भी इस दबाव का सामना कर रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










