पटना: सावन की पहली सोमवारी पर शिवभक्ति का महासैलाब, शिवालयों में दिनभर उमड़ी आस्था

Updated:
विज्ञापन
पहली सोमवारी पर जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालु

पहली सोमवारी पर जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालु

सावन की पहली सोमवारी पर पटना के फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, और "हर-हर महादेव" के जयघोष से पूरा इलाका शिवमय हो गया.

विज्ञापन

Patna News : फुलवारी शरीफ सावन की पहली सोमवारी पर राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ अनुमंडल सहित आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. फुलवारी शरीफ से लेकर संपतचक तक शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. "हर-हर महादेव", हर-हर शंभू" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा इलाका शिवमय हो उठा.

शहर से गांव तक शिवालयों में उमड़ी भीड़

फुलवारी शरीफ, संपतचक, परसा बाजार, जानीपुर, अनिसाबाद, पुलिस कॉलोनी, बेऊर, रामकृष्णा नगर, गौरीचक, बेलदारीचक, पुनपुन, दानापुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों और मोहल्लों के शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. जगदेव पथ स्थित टमटम पड़ाव शिव मंदिर, बिरला कॉलोनी शिव मंदिर, पुलिस कॉलोनी शिव मंदिर, संघत पर शिव मंदिर, बीएमपी तालाब शिव मंदिर, धनौत और उपरपुरा समेत विभिन्न मंदिरों में दिनभर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन, हवन और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ.

अर्धनारीश्वर मंदिर बना आस्था का प्रमुख केंद्र

गौरीचक प्रखंड के चंडासी स्थित देश के सबसे बड़े और सबसे ऊंचे अर्धनारीश्वर मंदिर में सावन की पहली सोमवारी पर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान अर्धनारीश्वर का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया. "जय बाबा भोलेनाथ", "माता पार्वती की जय" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से मंदिर परिसर दिनभर गूंजता रहा. इसी वर्ष प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है.

महिलाओं की रही सबसे अधिक भागीदारी

अहले सुबह से ही श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प और प्रसाद लेकर शिवालयों की ओर रवाना हुए. भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना की. मंदिरों में महिलाओं और युवतियों की भागीदारी सबसे अधिक रही. लाल, पीले और केसरिया वस्त्रों में सजे श्रद्धालु बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ मंदिरों तक पहुंचे.

प्रमुख मंदिरों में दिनभर चला धार्मिक आयोजन

फुलवारी शरीफ थाना परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, गौरीचक थाना परिसर के समीप स्थित शिव मंदिर, बेलदारीचक स्थित शिव मंदिर तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-98 पर स्थित नकटी भवानी मंदिर में दिनभर विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की.


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन