ePaper

हत्या के मामले में फोरेंसिक टीम की जांच शुरू

Updated at : 11 Sep 2025 8:10 PM (IST)
विज्ञापन
हत्या के मामले में फोरेंसिक टीम की जांच शुरू

खूंटीटोला गांव में मंगलवार की रात ओझागुनी के आरोप में अधेड़ की हत्या के मामले में जांच के लिए रांची से फोरेंसिक टीम बानपुर के खूंटीटोला पहुंची.

विज्ञापन

टंडवा. थाना क्षेत्र के डहु पंचायत के खूंटीटोला गांव में मंगलवार की रात ओझागुनी के आरोप में अधेड़ की हत्या के मामले में जांच के लिए रांची से फोरेंसिक टीम बानपुर के खूंटीटोला पहुंची. टीम के साथ थाना प्रभारी अनिल उरांव, एसआइ अमित कुमार, दिलेश्वर कुमार व सुनील कुमार शामिल थे. टीम ने मृतक के घर से हत्याकांड से जुड़े सबूत व दस्तावेज भी इकट्ठा किये. वहीं मृतक के जीभ काटने में प्रयुक्त चाकू को जब्त किया. वहीं ग्रामीणों से पूछताछ की. मृतक की पत्नी बैरियो देवी के बयान पर कांड संख्या 196/25 के तहत मामला दर्ज किया गया. मामले में लगभग छह नामजद व 40-45 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. सूत्रों की मानें, तो पुलिस हत्याकांड में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. मालूम हो कि धर्मदेव उरांव की हत्या ओझा-गुणी के आरोप में कर दी गयी थी. वहीं साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपियों ने आधी रात को शव को जला दिया था. पहले काटी जीभ फिर पीट पीटकर की हत्या ज्ञात हो कि धर्मदेव की हत्या नृशंस तरीके से की गयी. हत्यारों ने पहले बिजली उपकरण से उसकी जीभ काट दी. जीभ काटने के बाद हत्यारे चले गये. पुनः दो घंटे बाद घायलावस्था में पड़े धर्मदेव को उसके घर से उठाकर गांव के बीचोंबीच स्थित आखरा ले गये. वहां लाठी-डंडे से पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी. घटना से भयभीत परिजन घर छोड़कर चले गये और पुलिस को सूचना नहीं दी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस देर रात वहां पहुंची, लेकिन हत्यारों ने शव को जला दिया था. फिलहाल मृतक के परिजन पुलिस के संरक्षण में हैं. सूत्रों के अनुसार धर्मदेव पहले ओझा-गुणी का काम करता था. पिछले एक वर्षों से वह यह काम छोड़ चुका था. घटना के दो दिन पूर्व हत्यारों में से एक के घर खानपान का कार्यक्रम था. वहां धर्मदेव भी गया था. धर्मदेव ने वहां शराब मांगी, लेकिन नहीं दिया गया. इसके बाद वह गुस्से में घर लौट आया. इसी बीच जिस व्यक्ति के घर पर खानपान का प्रबंध किया गया था, उसका बच्चा बीमार हो गया. परिजनों ने सोचा कि शराब नहीं मिलने के गुस्से में धर्मदेव ने ओझागुणी कर दिया. इसी से नाराज होकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया. वर्जन::: राज्य सरकार आदिवासियों को हितैषी होने का ड्रामा करती है. इस सरकार में हत्या, लूटपाट, आपराधिक घटनाएं आम हो गयी. सरकार की ढुलमुल रवैये के कारण इस तरह की घटनाएं घट रही है. सरकार कान में रूई डाल कर सो रही है. कुमार उज्जवल, विधायक

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANUJ SINGH

लेखक के बारे में

By ANUJ SINGH

ANUJ SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola