जबड़ा चेकनाका के पास कोल वाहन ने बाइक सवार को रौंदा
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 10 Jun 2026 8:20 PM
युवक की मौत के विराेध में 15 घंटे जाम रहा चतरा-रांची मार्ग
युवक की मौत के विराेध में 15 घंटे जाम रहा चतरा-रांची मार्ग सिमरिया. चतरा-रांची मुख्य पथ स्थित जबड़ा चेकनाका के पास मंगलवार की रात एक तेज रफ्तार कोल वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान जबड़ा के संदली गांव निवासी प्रदीप बाखला (28) पिता स्व सोहर बाखला के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आयी. घटना से गुस्साये परिजन और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चतरा-रांची मुख्य मार्ग को जबड़ा चेकनाका के पास जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी. ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाये तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी उपलब्ध करायी जाये. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर सीओ गौरव कुमार राय, थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. जाम स्थल पर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और मृतक के परिजनों के बीच लंबी वार्ता हुई. वार्ता में जिप सदस्य देवनंदन साहू, पूर्व मुखिया कृष्णा साहू समेत कई लोग मौजूद थे. आश्वासन के बाद हटाया गया जाम : सीओ ने मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये, हिट एंड रन योजना के तहत चार लाख रुपये तथा सरकारी प्रावधान के तहत 20 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया. साथ ही बच्चों की बेहतर शिक्षा और मृतक की पत्नी को अनुबंध पर नौकरी दिलाने का लिखित आश्वासन भी दिया गया. इसके बाद करीब 15 घंटे बाद बुधवार दोपहर दो बजे सड़क जाम हटाया गया. सड़क जाम रात 11 बजे से लेकर बुधवार दोहपर दो बजे तक रहा. हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कोल ट्रांसपोर्टर द्वारा 10 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा नहीं दिया गया, तो बुधवार शाम सात बजे से फिर सड़क जाम कर कोल वाहनों का परिचालन बंद कर दिया जायेगा. जानकारी के अनुसार, प्रदीप बाखला लोहरदगा से बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान चेकनाका के पास कोल वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. तीन दिनों में तीन युवकों की मौत : जबड़ा चेकनाका के पास लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है. शनिवार को भी इसी स्थान पर बाइक सवार दो युवकों गणेश भुईयां और बसंत भुईयां की मौत हो गयी थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से चेकनाका को हटाकर पेट्रोल पंप के आगे नो-इंट्री चेकपोस्ट बनाने की मांग की है. उनका कहना है कि यहां वाहनों की भीड़ और जाम के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










