चतरा में विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रभात फेरी, पौधारोपण और संरक्षण की शपथ
Published by : Priya Gupta Updated At : 05 Jun 2026 11:12 AM
चतरा। जागरूकता दौड़ में डीसी एसपी व अन्य
World Environment Day : झारखंड के चतरा जिले में विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रभात फेरी, पौधारोपण, शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
दीनबंधू की रिपोर्ट
World Environment Day : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में शुक्रवार को चतरा में विविध जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से जतराहीबाग चौक से इक्को पार्क, चतरा तक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई. प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम में जुटे जिले के शीर्ष अधिकारी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रवि आनंद शामिल हुए. उनके साथ पुलिस अधीक्षक श्री अनिमेष नैथानी, उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री राहुल मीणा, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता श्री अरविंद कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री सन्नी वर्धन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ ली
प्रभात फेरी के इक्को पार्क पहुंचने के उपरांत अतिथियों और प्रतिभागियों द्वारा पौधारोपण किया गया. इसके बाद पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण के प्रति सभी को सामूहिक शपथ दिलाई गई. उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया.
पर्यावरण संरक्षण में नवाचार के लिए मिला सम्मान
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में पर्यावरण संरक्षण, वन और वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया गया. इसी क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पुरैनी (मयूरहण्ड) के प्रधानाध्यापक श्री विकास कुमार सिंह को विद्यालय परिसर में वृक्षों पर बारकोड आधारित प्रणाली विकसित कर पर्यावरण शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की अभिनव पहल के लिए सम्मानित किया गया. उनके इस नवाचार के माध्यम से विद्यार्थी और आमजन वृक्षों की प्रजाति, आयु, उपयोगिता, औषधीय गुणों एवं पर्यावरणीय महत्व से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त कर रहे हैं. इस पहल को पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी और अनुकरणीय प्रयास बताया गया.
फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला सम्मान
समारोह के दौरान ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में बालेश्वर महतो ने प्रथम, आयुष कुमार सिंह ने द्वितीय तथा शेरा कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
यह भी पढ़ें- देवघर: छत्तीसगढ़ का टॉप-10 वांटेड मनीष मंडल गिरफ्तार, सर्राफा कारोबारी की हत्या कर हुआ था फरार
यह भी पढ़ें- Koderma: तिलैया पुलिस ने चोरी के मामले का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Priya Gupta
प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










