चतरा के दंतार में झोलाछाप डॉक्टर ने लगाई गलत इंजेक्शन, मरीज की मौत

मरीज को इंजेक्शन लगाता डॉक्टर. एआई द्वारा जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो
Chatra News: चतरा के दंतार में झोलाछाप डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. हालत बिगड़ने पर मरीज को गया एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी डॉक्टर फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
चतरा से दीनबंधू की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र स्थित दंतार गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से मरीज की मौत हो गई. मृतक की पहचान मझगांवा निवासी 40 वर्षीय विनोद सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान इंजेक्शन लगते ही उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी.
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
परिजनों के अनुसार, जब मरीज की हालत ज्यादा खराब हुई तो झोलाछाप डॉक्टर ने स्थिति संभालने की कोशिश की. आनन-फानन में उसे बेहतर इलाज के लिए बिहार के गयाजी स्थित एम्स ले जाया गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में इलाज के दौरान ही विनोद सिंह ने दम तोड़ दिया.
घटना के बाद डॉक्टर फरार
घटना के बाद आरोपी झोलाछाप डॉक्टर शिव शंकर शर्मा उर्फ ठाकुरजी मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि उसने अपना क्लीनिक बंद कर पीछे के रास्ते से भागने में सफलता हासिल की. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोगों में दहशत भी देखी जा रही है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई. थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
झोलाछाप डॉक्टरों पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण लोग ऐसे गैर-प्रशिक्षित लोगों से इलाज कराने को मजबूर हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 27-28 मार्च को बारिश, तेज धूप में बढ़ सकता है अल्ट्रावॉयलेट किरणों का खतरा
परिजनों में मातम, प्रशासन पर उठे सवाल
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने प्रशासन से दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने और झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है.
इसे भी पढ़ें: प्राइवेट ड्राइवरों के भरोसे रांची पुलिस की गश्ती गाड़ियां, कैसे बचेगी गोपनीयता?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




