चतरा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: लावालौंग में 24 लाख की अफीम और भारी मात्रा में डोडा जब्त

प्रेस वार्ता करते सिमरिया एसडीपीओ
Chatra Crime News: चतरा में नशे के कारोबार पर पुलिस ने करारी चोट की है. एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लावालौंग पुलिस ने सलमा गांव में छापेमारी कर करीब 24 लाख रुपये मूल्य की अफीम, डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया है. सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने तस्करों के नेटवर्क को हिला कर रख दिया है.
Chatra Crime News, चतरा (दीनबंधू/तस्लीम): चतरा जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. चतरा एसपी के विशेष निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में जारी सघन तलाशी अभियान के दौरान लावालौंग थाना पुलिस ने करीब 24 लाख रुपये बाजार मूल्य की अवैध अफीम और डोडा की बड़ी खेप जब्त की है. इस कार्रवाई से अफीम तस्करों के सिंडिकेट में हड़कंप व्याप्त है.
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने घटना की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के सलमा गांव के बाराटुंगरी टोला निवासी जतन गंझु और बालेश्वर गंझु ने अपने घरों में भारी मात्रा में अवैध अफीम और डोडा का भंडारण कर रखा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया.
छापेमारी में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद
एसडीपीओ के नेतृत्व में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार और सशस्त्र बल के जवानों ने योजनाबद्ध तरीके से चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 किलो 329 ग्राम शुद्ध अवैध अफीम, 85 किलो 870 ग्राम डोडा और 29 किलो 320 ग्राम पोस्ता दाना बरामद किया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है.
Also Read: झारखंड हाईकोर्ट से अधिवक्ता महेश तिवारी को बड़ी राहत: वकालत लाइसेंस निलंबन के आदेश पर रोक
फरार तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस की टीम जब गांव पहुँची, तो अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर आरोपी तस्कर जतन गंझु और बालेश्वर गंझु मौके से फरार होने में सफल रहे. हालांकि, पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चतरा को नशा मुक्त बनाने के लिए तस्करों के खिलाफ यह कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने इस अभियान की सफलता के साथ ही आम नागरिकों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि यदि आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या नशीले पदार्थों के भंडारण की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा. इस सफल छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की भी अनुशंसा की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




