Chaibasa News : जिले के तीन डिग्री कॉलेजों में प्रोफेसर इंचार्ज के विषय की पढ़ाई ही नहीं होती

Published by : AKASH Updated At : 11 Nov 2025 11:05 PM

विज्ञापन

पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर, मझगांव व मनोहरपुर कॉलेज में समुचित सुविधाएं नहीं

विज्ञापन

चाईबासा.

कोल्हान विश्वविद्यालय ने वर्ष 2017 में पश्चिमी सिंहभूम जिले में तीन नये डिग्री कॉलेज (जगन्नाथपुर, मझगांव व मनोहरपुर) की शुरुआत की. करोड़ों खर्च कर भवन बनाये गये, ताकि युवाओं को घर से पास उच्च शिक्षा आसानी से मिल सके. हालांकि, आठ साल बाद भी कॉलेजों में समुचित सुविधाएं बहाल नहीं हो सकीं. वहीं, कॉलेजों में स्थायी कर्मी की बहाली नहीं की जा सकी है. तीनों डिग्री कॉलेजों में प्रोफेसर इंचार्ज प्रशासनिक दायित्व के साथ कार्यालय कर्मी की भूमिका निभा रहे हैं. हाल में विश्वविद्यालय ने उक्त कॉलेजों में एजेंसी ने कंप्यूटर ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड व नीड बेस्ड शिक्षकों के साथ तीन-तीन दिनों के लिए स्थायी शिक्षकों को पदस्थापित किया है. आश्चर्यजनक है कि कॉलेजों में प्रो. इंचार्ज उन विषयों के हैं, जिन विषयों की पढ़ाई वहां नहीं होती है. नियमानुसार प्रो. इंचार्ज को अपने विषय की कक्षाएं प्रशासनिक दायित्व को संभालते हुए करना जरूरी है. इसकी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गयी है, लेकिन कोई हल नहीं निकला है.

डिग्री कॉलेज जगन्नाथपुर : नीड बेस्ड शिक्षकों के भरोसे 1200 विद्यार्थी

जगन्नाथपुर डिग्री कॉलेज में साइंस की पढ़ाई नहीं होती है. यहां प्रोफेसर इंचार्ज केमेस्ट्री विषय के हैं. यहां प्रोफेसर इंचार्ज को मिलाकर 17 शिक्षकों के पद सृजित हैं. हाल में नीड बेस्ड और 3 दिनों के लिए तीन शिक्षकों को पदस्थापित किया गया है. यहां विद्यार्थियों की संख्या लगभग 1200 है. कॉलेज पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में संचालित होता है.

डिग्री कॉलेज मझगांव : कार्यालय कर्मी अब तक बहाल नहीं

मझगांव डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर इंचार्ज कॉमर्स विषय के हैं. इस विषय के छात्र कई वर्षों से कॉलेज में नहीं हैं. प्रो इंचार्ज को मिलाकर 17 स्थायी शिक्षक के पद सृजित है. यहां कार्यालय कर्मी अब तक बहाल नहीं है. हाल में कुछ नीड बेस्ड शिक्षक व कंप्यूटर कर्मी को एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराया गया. यह कॉलेज नये भवन में संचालित होता है. विद्यार्थियों की संख्या कॉलेज में लगभग 800 है.

डिग्री कॉलेज मनोहरपुर : नहीं होती साइंस की पढ़ाई

मनोहरपुर डिग्री कॉलेज में साइंस की पढ़ाई नहीं होती है, जबकि साइंस के शिक्षक प्रोफेसर इंचार्ज बनाये गये हैं. कॉलेज में प्रोफेसर इंचार्ज को लेकर 17 स्थायी शिक्षकों के लिए पद सृजित हैं. हाल में विश्वविद्यालय ने नीड बेस्ड शिक्षकों व कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराया है. कॉलेज में लगभग 700 विद्यार्थी हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola