Chakradharpur News : चाकू व कुल्हाड़ी से युवक की हत्या शव को सूखे पत्तों से ढंक जलाया

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 18 Apr 2026 12:16 AM

विज्ञापन

आनंदपुर. तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी

विज्ञापन

आनंदपुर.

पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में पावर सब-स्टेशन के पीछे वायुवीरा जंगल से शुक्रवार को पुलिस ने 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान आनंदपुर शहरी क्षेत्र के हरिजन टोला निवासी कार्तिक बाड़ा के रूप में हुई. परिजनों के अनुसार, कार्तिक बाड़ा बुधवार शाम से लापता था. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला. शुक्रवार की सुबह उसके पिता नारो बाड़ा जंगल की ओर तलाश करने निकले. उन्हें जंगल से तेज दुर्गंध आयी. पास जाकर देखने पर कार्तिक का क्षत-विक्षत शव मिला. बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम कार्तिक का सरगीडीह निवासी मानवेल भुइयां और उसके दो साथियों (पिंटू सोय व रेजन तमसोय) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. चारों ने साथ मिलकर नशा किया था. इसके बाद पुरानी रंजिश को लेकर तीनों आरोपियों ने कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर कार्तिक की निर्मम हत्या कर दी. आरोपियों ने हत्या के बाद क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. साक्ष्य मिटाने और मृतक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को दूर तक घसीटा. उसे सूखे पत्तों से ढंककर आग लगा दी. आग के कारण शव का कुछ हिस्सा झुलस गया था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फरार आरोपी मानवेल भुइयां, पिंटू सोय व रेजन तामसोय की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

चेकडैम में नहाने गयी 12 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत

मनोहरपुर. मनोहरपुर प्रखंड के जराइकेला थानांतर्गत रवगंदा गांव में गुरुवार की शाम नहाने गयी 12 वर्षीय बच्ची की चेकडैम में डूबने से मौत हो गयी. शुक्रवार सुबह बच्ची का शव मिला. रवगंदा गांव निवासी सोमरा मिंज की पुत्री रुपनी मिंज (12 वर्ष) गुरुवार शाम करीब 5 बजे गांव के समीप स्थित चेकडैम में नहाने गयी थी. वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गयी. रात भर परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन सुराग नहीं मिला. शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने चेकडैम किनारे रुपनी के कपड़े देखे. इसके बाद ग्रामीणों ने पानी में बच्ची का शव देखा. घटना की सूचना मिलते ही जराइकेला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे. ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद से बच्ची के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

मनोहरपुर में डोभा में डूबने से महिला की मौत

मनोहरपुर. मनोहरपुर थाना क्षेत्र के द्रीपशिला गांव में डोभा में डूबकर 43 वर्षीय महिला क्रांति चम्पिया की मौत हो गयी. परिजन देर शाम करीब साढ़े सात बजे उसे मनोहरपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर परमेश्वर सरदार ने महिला को मृत घोषित कर दिया.

गोबर चुनने निकली थी महिला

मृतका के पति सोमाय चम्पिया ने बताया कि शुक्रवार को करीब तीन बजे क्रांति चम्पिया घर से गोबर चुनने की बात कहकर निकली थी. शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने उसका शव डोभा में तैरता देखा और परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलने पर परिजन शव को घर ले आए, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सलाह पर उसे सीएचसी मनोहरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी है. परिजनों ने बताया कि महिला मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola