Chaibasa News : 18 लाख के विवाद में दोस्त ने ही सुपारी देकर सुभाष की करायी हत्या

28 मार्च को मुफस्सिल थाना के आचू गांव के पास मिला था शव
चाईबासा. चाईबासा पुलिस ने पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के रूइडीह निवासी सुभाष बानरा की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पकड़े गये दोनों आरोपियों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमारहातु निवासी साऊ देवगम (40) और झींकपानी के हतनाबेड़ा निवासी गोविंद मुंदुइया (38) शामिल है. अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. एसडीपीओ बहामन टुटी ने प्रेस वार्ता कर इस हत्याकांड का खुलासा किया.
धारदार हथियार से की गयी थी हत्या:
एसडीपीओ ने बताया कि 28 मार्च को मुफस्सिल थाना के आचू गांव स्थित पावर ग्रिड के पास एक युवक का शव मिला था. शव की पहचान पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के रूइडीह गांव निवासी सुभाष बानरा (25) के रूप में की गयी. वर्तमान समय में सुभाष चाईबासा के बासा टोटो स्थित अपने घर में रहकर मटीरियल सप्लाई व ठेकेदारी का काम करता था. उन्होंने बताया कि सुभाष को अपराधकर्मियों ने तेज धारदार हथियार से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी थी. मृतक के पिता मुकुंद बानरा के बयान पर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक के दोस्त साऊ देवगम को गिरफ्तार कर लिया.
मुख्य आरोपी साऊ देवगम के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, साऊ देवगम और मृतक सुभाष बानरा के बीच पैसों का पुराना लेन-देन था. सुभाष के पास साऊ के 18 लाख रुपये बकाया थे. बार-बार पैसे मांगने पर भी जब राशि नहीं मिली, तो साऊ ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर सुभाष की हत्या की योजना बनायी और सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलवाया. अपराधियों ने तेज धारदार हथियार से वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार गोविंद मुंदुइया का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध छापामारी की जा रही है. छापेमारी दल में एसडीपीओ बहामन टुटी, परिक्ष्यामन राजकुमार जेयराजू, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार एवं थाना के जवान शामिल थे.गिरफ्तार आरोपी गोविंद का रहा है आपराधिक इतिहास
– मंझारी थाना में 27 अगस्त 2012 को धारा-364/307/34 भादवि एवं परिवर्तित धारा-302 के तहत मामला दर्ज– मंझारी थाना में 11 अगस्त 2018 को आर्म्स एक्ट एवं हत्या का मामला दर्ज
– मुफ्फसिल थाना में 30 मई 2018 को धारा 387/506/34 भादवि कांड दर्जउपमुखिया समेत तीन गिरफ्तार
आनंदपुर. आनंदपुर थाना के डुमिरता में पशु की हत्या कर प्रतिबंधित मांस बेचने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आनंदपुर पुलिस ने बेड़ाकेंदुदा के उपमुखिया शिवलन तोपनो, बिल्कन भुइयां और संतोष लुगुन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से मांस काटने में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं. इनके पास से 2 टांगी, 2 चापर, 2 बैंठी, 1 चाकू और 1 दाउली बरामद किया गया है.डुमरिया डैम में मांस की सफाई की जा रही थी:
जानकारी के अनुसार डुमिरता डैम के पास भारी मात्रा में मांस की सफाई की जा रही थी. इसे देखकर स्थानीय युवकों को संदेह हुआ. ग्रामीणों ने जब जांच की तो पाहन टोला में पशु काटे जाने की पुष्टि हुई. ग्रामीणों को आता देख आरोपियों ने मांस को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सूचना पुलिस को दी जा चुकी थी. मौके पर पहुंची पुलिस की पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और बताया कि वे मांस की बिक्री करने की योजना बना रहे थे. पुलिस ने ग्रामीणों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ 279 बीएनएस और 12(1) झारखंड गोवंशीय पशु क्रूरता अधिनियम 2005 के तहत मामला दर्ज किया है.मुर्गा विवाद में चाचा की हुई थी हत्या, दो सगे भाई गिरफ्तार
झींकपानी. जिले के टोंटो थाना अंतर्गत पदमपुर के कटियाबासा टोला में हुई दामू सिंकू (56) की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी दो सगे भाइयों परगना सिंकू और कुशनू सिंकू को गिरफ्तार कर चाईबासा जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी रिश्ते में मृतक के भतीजे लगते हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हथौड़ा भी बरामद कर लिया है. गौरतलब है कि 02 अप्रैल को मुर्गा को लेकर हुए विवाद में दामू सिंकू को हथौड़े से प्रहार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था. दामू सिंकू का इलाज के दौरान सदर अस्पताल चाईबासा में मौत हो गयी थी. इस संबंध में मृतक की पत्नी अनिता सिंकू ने टोंटो थाना में चार आरोपी परगना सिंकू, कुशनु सिंकू, डोबरो सिंकू व पेलोंग सिंकू के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज कराया था. जगन्नाथपुर के एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में टीम गठित कर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी. एसडीपीओ ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




