Chaibasa News : भतीजे ने कुल्हाड़ी से चाचा पर किया हमला, मौत
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 02 Apr 2026 11:24 PM
मृतक की पत्नी अनीता सिंकु के बयान पर टोंटो थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है
चाईबासा. टोंटो थाना क्षेत्र के सेरेंगसिया गांव अंतर्गत पैदमपुर टोला में बुधवार की शाम पारिवारिक विवाद में भतीजे ने कुल्हाड़ी से हमला कर सगे चाचा दामु सिंकु (50) की हत्या कर दी. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दामु को सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया था, जहां बुधवार देर रात जमशेदपुर रेफर करने के दौरान मौत हो गयी. गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. मृतक की पत्नी अनीता सिंकु के बयान पर टोंटो थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. उन्होंने भतीजा परगना सिंकु, उसकी पत्नी पेलोंग सिंकु, कुशनु सिंकु और डोबरो सिंकु को नामजद आरोपी बनाया है. अनीता ने पुलिस को बताया कि बुधवार की सुबह परगना सिंकु उनके मुर्गे को मार रहा था. उन्होंने कारण पूछा तो वह झगड़ा करने लगा. पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद शाम करीब चार बजे पति दामु सिंकु को सड़क किनारे अकेला पाकर चारों आरोपियों ने घेर लिया. कुशनु, डोबरो और पेलोंग ने दामु को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और परगना सिंकु ने कुल्हाड़ी से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










