Bokaro News : अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

Updated at : 15 Mar 2026 12:40 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

Bokaro News : रामनवमी और ईद पर्व के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई.

विज्ञापन

रामनवमी और ईद पर्व के मद्देनजर समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. अध्यक्षता डीसी अजय नाथ झा व एसपी हरविंदर सिंह ने किया. डीसी ने रामनवमी जुलूस के दौरान लगाये जाने वाले झंडों की ऊंचाई निर्धारित सीमा के अंदर रखने की बात कही. कहा कि बोकारो जिला की पहचान सामाजिक सद्भाव व एकता की रही है. दोनों समुदायों के लोग आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ पर्व-त्योहार मनाएं. डीसी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. विधि-व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करने की बात कही. बैठक में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी चर्चा हुई. डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाये और त्वरित कार्रवाई की जाये.

जुलूस पुराने निर्धारित रूट पर ही निकलेंगे

डीसी ने कहा कि रामनवमी जुलूस पुराने रूट से ही निकाले जायेंगे. नय रूट के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं दी जायेगी. सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि शांति समिति की बैठकों में अखाड़ा समितियों को समय का पालन करने के लिए अवश्य कहा जाये, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

डीजे संचालकों से अलग बैठक करने का निर्देश

रामनवमी जुलूस और ईद के दौरान डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से संबंधित विषयों पर चर्चा करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अलग से बैठक करने का निर्देश दिया गया. इस बैठक में संबंधित अखाड़ा समितियों व विभिन्न आयोजकों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी होगा.

चास क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी हुई चर्चा

चास क्षेत्र में पूर्व से चली आ रही कुछ समस्याओं से संबंधित मामलों पर भी चर्चा हुई. इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया. सभी पक्षों के साथ समन्वय व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर बल दिया गया. प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. चिह्नित स्थानों पर भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बैरिकेटिंग करने का निर्देश दिया गया. ताकि, जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

पूरे क्षेत्र में होगी व्यापक इंतजाम : एसपी

एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में ग्राउंड स्तर पर पूरी तैयारी सुनिश्चित करें. संभावित समस्याओं की पहले से पहचान कर उनका समाधान कर लें. संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी. जुलूस मार्ग व प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जायेगी.

अधिकारियों का संपर्क नंबर जारी करने का निर्देश

डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी जुलूस मार्गों की समीक्षा कर बैठक आयोजित करें. फ्लेक्स बैनर के जरिये प्रमुख अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किये जाये, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोग प्रशासन से संपर्क कर सके. साथ ही वालेंटियरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अलग प्रकार की ड्रेस पहनने के निर्देश दिया गया. बैठक में निदेशक डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा एवं बेरमो मुकेश मछुआ, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी आदि मौजूद थे.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola