सिवनडीह में अगलगी से मची अफरा-तफरी, चिकन दुकान में छह लाख का सामान जलकर राख
घटना स्थल पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम और स्थानीय लोग
बोकारो के सिवनडीह में शॉर्ट सर्किट से एक चिकन दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब छह लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।
माराफारी थाना क्षेत्र का सिवनडीह एक बार फिर आग की घटना को लेकर चर्चा में आ गया. सोमवार की सुबह करीब आठ बजे सिवनडीह मेन रोड स्थित एक चिकन दुकान में अचानक आग लग गयी. दुकान बंद थी, पर दुकानदार आमिर सोहेल आसपास ही मौजूद थे. दुकान से धुआं निकलता देख उन्होंने दुकान खोलने का प्रयास किया. इसी दौरान अचानक अंदर से आग की लपटें तेज हो गयीं. स्थिति को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गयी.
एक दमकल गाड़ी पहुंची, आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था. आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दुकानदारों में भी अफरा-तफरी मच गयी. राहत की बात रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. आसपास की दर्जनों दुकानें आग की चपेट में आने से बच गयीं. सिवनडीह मेन रोड पर दुकानें एक-दूसरे से काफी सटी हैं. ऐसे में आग फैलने पर बड़ा नुकसान हो सकता था. अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया.
फ्रिज, पंखा और वजन मशीन समेत सामान जला
दुकानदार आमिर सोहेल के अनुसार, आग से दुकान में रखा फ्रिज, कुर्सी, पंखा, वजन मशीन समेत अन्य सामान जलकर बर्बाद हो गया. उन्होंने आग से करीब छह लाख रु के नुकसान का अनुमान जताया है. आग लगने के कारण दुकान में रखा कारोबार से संबंधित अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है. दुकानदार ने प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जतायी है. आग लगने के समय दुकान बंद थी, जिसके कारण आग का पता धुआं निकलने के बाद चला. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान निकालने का मौका ही नहीं मिल सका.
छह महीने पहले भी हुआ था बड़ा अग्निकांड
इसी साल तीन मार्च को इसी क्षेत्र में गैस रिफिलिंग दुकान में भीषण आग लगी थी. उस दौरान गैस सिलिंडरों में विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया था. टेंट हाउस समेत आसपास की कई दुकानें आग की चपेट में आ गयी थीं. आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियां लगायी गयी थीं और पुलिस ने इलाके को खाली कराया था.
पुलिस ने ली मामले की जानकारी
माराफारी थाना प्रभारी आजाद खान ने सिवनडीह में चिकन दुकान में आग लगने की घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









