Bokaro News : घरेलू रसोई गैस के लिए सुबह से लग रहीं कतारें
Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 13 Mar 2026 10:44 PM
Bokaro News : घरेलू रसोई गैस के लिए गैस एजेंसियों में सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं.
ईरान-इजरायल/मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण पूरे देश की तरह बोकारो भी प्रभावित है. घरेलू रसोई गैस के लिए गैस एजेंसियों में सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं. ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने व ओटीपी नहीं आने के कारण उपभोक्ता अधिक परेशान हैं. मालूम हो कि अब उपभोक्ताओं के लिए दो गैस सिलिंडर लेने के बीच कम से कम 21 दिनों का अंतर रखना अनिवार्य है. इससे पहले यह 15 दिन था. इसको लेकर भी उपभोक्ताओं में उहापोह है.
बोकारो फ्लेम-सेक्टर 12 : समय सुबह दस बजे
घरेलू गैस के भरे सिलिंडर वाहन से उतारे जा रहे थे. उपभोक्तओं की लंबी कतार लगी थी. सेक्टर 12 से गैस लेने पहुंचे दीपक कुमार ने बताया कि दो दिन से खाली हाथ लौट रहा था. ऑनलाइन बुकिंग के बाद ओटीपी नहीं आ रहा था. आज बहुत कोशिश के बाद ओटीपी आया. गैस लेकर जा रहा हूं. उधर, संचालक राजेश तिवारी ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग का टाइम शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक रहता है. उपभोक्ता इसी टाइम में ऑनलाइन बुकिंग करें. किसी तरह से पैनिक होने की जरूरत नहीं है. आज भी गैस की गाड़ी आयी है.अनुराग एचपी गैस सर्विसेज-सेक्टर 04 : दोपहर साढ़े 12 बजे
लोग सिलेंडर की कतार लगा कर धूप से बचने के लिए आसपास छांव में बैठे थे. पता चला कि सुबह दस बजे गाड़ी आयी थी, उसका गैस खत्म हो गया. गाड़ी दुबारा गैस लाने गोदाम गयी है. सेक्टर पांच से गैस लेने पहुंचे दीपक कुमार ने बताया कि सुबह दस बजे से ही कतार में हूं. उपभोक्ता जीवन जगन्नाथ ने बताया कि गैस की बुकिंग ऑनलाइन नहीं हो पा रही है और न ही ओटीपी ही आ रहा है. इसलिए आया हूं. संचालक अर्पण मधई बेक ने बताया कि घरेलू गैस आ रहा है. कॉमर्शियल की सप्लाई बंद है.
विक्रम इंटरप्राइजेज-सेक्टर 01 : समय सुबह नौ बजे
घरेलू गैस अनलोड हो रहा था. काउंटर के सामने आधा दर्जन से अधिक लोग कतार में खड़े थे. सेक्टर 12 से गैस लेने पहुंचे एम झा ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है. इसलिए यहां आये हैं, गैस लेने के लिए. सेक्टर तीन के सुरेंद्र ने बताया कि बुकिंग के बाद ओटीपी नहीं आ रहा है. प्रबंधक आरके सिंह ने बताया कि घरेलू गैस की गाड़ी रोज आ रही है, लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति ठप है. लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है. घरेलू गैस की कोई दिक्कत नहीं है.
कई दिनों से कॉमर्शियल गैस की सप्लाई बंद, एजेंसियों के पास खत्म हो गया है स्टॉक
दस दिन से अधिक समय से कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई पूरी तरह से बंद है. अब एजेंसी का भी स्टॉक खत्म हो गया है. होटल-रेस्तरां संचालक टेंशन में है. ठेला-खोमचा वाले भी परेशान हैं. एजेंसियों में भी अब स्टॉक खत्म हो गया है. शहर के कई रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि यही हाल रहा तो कुछ दिनों मेनू सीमित करना पड़ेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










