बोकारो के 130 स्कूलों ने अब तक नहीं शुरू की छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया, विभाग ने एक सप्ताह में मांगा 100% आवेदन

Updated:
विज्ञापन

बोकारो में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 130 स्कूलों ने आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं की है। जिला कल्याण पदाधिकारी ने जल्द प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन

बोकारो: वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले के 130 विद्यालयों ने अब तक विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं की है. इसे लेकर जिला कल्याण पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर सभी विद्यालयों में एक सप्ताह के अंदर शत-प्रतिशत आवेदन कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया है.

विद्यालय स्तर पर आईएनओ द्वारा आवेदन की प्रविष्टि और सत्यापन के बाद विद्यार्थियों की सूची का प्रखंड स्तर पर प्रधानाध्यापक, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा. इसके बाद प्रखंड स्तर से अनुमोदन और जिला स्तरीय समिति की स्वीकृति के बाद छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

1551 में 1421 स्कूलों ने शुरू की प्रक्रिया

ई-कल्याण पोर्टल पर जिले के कुल 1551 विद्यालय दर्ज हैं. इनमें 1421 विद्यालयों ने छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि 130 विद्यालय अब भी पीछे हैं. पत्र में इन विद्यालयों के संबंधित संस्थान नोडल पदाधिकारियों (आईएनओ) से कारण पृच्छा प्रतिवेदन लेने को कहा गया है.

एक लाख से अधिक विद्यार्थियों का आवेदन

वर्ष 2026-27 में अब तक 1,00,411 विद्यार्थियों का ऑनलाइन नामांकन हुआ है. इनमें 94,605 आवेदनों का सत्यापन आईएनओ स्तर से किया जा चुका है. 139 आवेदन अस्वीकृत हुए हैं, जबकि 94,466 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं. वहीं, 5,806 आवेदनों का सत्यापन आईएनओ स्तर पर लंबित है.

चास में 1531 आवेदन लंबित

प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, चास में 23,816 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है, जिसमें 22,285 आवेदन सत्यापित और 1531 आवेदन लंबित हैं. गोमिया में 1,190, कसमार में 1,041 और जरीडीह में 661 आवेदन सत्यापन के लिए लंबित हैं. विभाग ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय कर प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है.


विज्ञापन
Dharmanath Kumar

लेखक के बारे में

By Dharmanath Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola