बोकारो के PM श्री स्कूलों में अचानक जांच, बच्चों को मिल रही सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी
पीएम श्री स्कूलों के निरीक्षण के दौरान राजकीयकृत मध्य विद्यालय, माराफारी में व्यवस्था का जायजा लेतीं संयुक्त सचिव एस. समीर व विभागीय टीम. | Prabhat Khabar Network
बोकारो के पीएम श्री स्कूलों में शिक्षा विभाग की टीम ने स्मार्ट क्लास और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। जानिए क्या है पूरी रिपोर्ट और व्यवस्था का हाल।
बोकारो: पीएम श्री स्कूलों में योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की संयुक्त सचिव एस. समीर के नेतृत्व में विभागीय टीम बोकारो पहुंची है. टीम की ओर से जिले के विभिन्न पीएम श्री स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है. सोमवार को पंचानन राजबाला प्लस टू हाई स्कूल, सतनपुर और राजकीयकृत मध्य विद्यालय, माराफारी में जांच की गई. मंगलवार को एसएस प्लस टू हाई स्कूल, कसमार में टीम ने निरीक्षण किया.
टीम में डीईओ प्रवीन रंजन, डीएसई डॉ. अतुल कुमार चौबे, एडीपीओ उदय कुमार, चास प्रखंड की बीईईओ प्रतिमा दास व अन्य शामिल हैं. वहीं, प्रभारी प्राचार्य मनोज झा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे.
स्मार्ट क्लास, प्रयोगशाला और संसाधनों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेलकूद, पेयजल, स्वच्छता समेत पीएम श्री योजना के तहत उपलब्ध कराई गई अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी गई. टीम ने विद्यालय प्रबंधन से योजना के तहत मिले संसाधनों और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली. संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई.
कागज पर सुविधा या बच्चों को मिल रहा लाभ, परखी स्थिति
अधिकारियों ने यह जानने का प्रयास किया कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का विद्यार्थियों को कितना लाभ मिल रहा है. विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों और उनके उपयोग की स्थिति भी देखी गई. शिक्षकों से शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली गई.
जिले के अन्य पीएम श्री स्कूलों में भी होगी जांच
बोकारो जिले के अन्य पीएम श्री विद्यालयों में भी विभागीय टीम के निरीक्षण का कार्यक्रम है. जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों और व्यवस्थाओं की स्थिति के आधार पर संबंधित विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं.
ये हैं बोकारो के पीएम श्री विद्यालय
राजकीयकृत मध्य विद्यालय बेरमो, उत्क्रमित राजकीयकृत हाई स्कूल संडे बाजार, राजकीयकृत मध्य विद्यालय न्यू भागलपुर, उत्क्रमित राजकीयकृत हाई स्कूल कोरिया, राजकीयकृत मध्य विद्यालय तेलो, पंचानन राजबाला प्लस टू हाई स्कूल सतनपुर, राजकीयकृत मध्य विद्यालय माराफारी, उत्क्रमित राजकीयकृत मध्य विद्यालय भर्रा उर्दू, उत्क्रमित राजकीयकृत हाई स्कूल धवैया, उत्क्रमित राजकीयकृत हाई स्कूल बहादुरपुर, एसएस प्लस टू हाई स्कूल कसमार, उत्क्रमित राजकीयकृत हाई स्कूल बिरनी, उत्क्रमित राजकीयकृत हाई स्कूल पतकी व अन्य हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










