गड्ढों में तब्दील हुई खैराचातर की मुख्य सड़क, स्कूल-बाजार आने वालों की बढ़ी परेशानी
फोटो : खैराचातर के पुरुलिया रोड की जर्जर हालत | Prabhat Khabar Network
कसमार के खैराचातर में पुरुलिया रोड की जर्जर स्थिति से स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग की है।
कसमार प्रखंड के प्रमुख व्यापारिक केंद्र खैराचातर की गतिविधियों को गति देने वाली पुरुलिया रोड इन दिनों खुद बदहाली का शिकार है. महावीर चौक से बाजारटांड़ तक सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गये हैं. बरसात में इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से सड़क और अधिक खतरनाक हो गयी है.
प्रमुख व्यापारिक केंद्र खैराचातर केवल आसपास के गांवों के लिए बाजार नहीं, बल्कि कसमार प्रखंड का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है. पुरुलिया रोड इसके व्यावसायिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण कड़ी है. सड़क के दोनों ओर दर्जनों छोटे-बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं. इसके अलावा खैराचातर में लगने वाले तीन दिवसीय हाट तक पहुंचने के लिए भी यही प्रमुख मार्ग है. ऐसे में इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी, विद्यार्थी और मरीज आवागमन करते हैं.
पुरुलिया को जोड़ता है यह मार्ग
यह सड़क पुनदाग होते हुए पुरुलिया क्षेत्र तक जाती है. इसी वजह से स्थानीय स्तर पर इसे पुरुलिया रोड के नाम से जाना जाता है. क्षेत्र के लोगों के लिए यह मार्ग केवल स्थानीय आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों और दूसरे बाजारों से संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम भी है. इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है.
स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र के पास सबसे ज्यादा परेशानीपुरुलिया रोड पर ही पीएचसी और मध्य विद्यालय हैं. इस कारण दिनभर इधर लोगों की आवाजाही लगी रहती है खासकर विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों और स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीजों को जर्जर सड़क से काफी परेशानी होती है. स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय के आसपास सड़क पर बने गड्ढे और जमा कीचड़ बारिश के दिनों में स्थिति को और मुश्किल कर देते हैं.
व्यापारियों को भी हो रहा नुकसान
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का असर बाजार की गतिविधियों पर भी पड़ रहा है. बारिश के दौरान ग्राहक और छोटे वाहन चालक इस मार्ग से गुजरने में हिचकते हैं. गड्ढों में पानी जमा रहने से कई बार सड़क और गड्ढे में अंतर कर पाना भी मुश्किल हो जाता है.
समस्या की अनदेखी क्षेत्र के विकास के लिए ठीक नहींग्रामीणों का कहना है कि खैराचातर की बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए पुरुलिया रोड की अनदेखी क्षेत्र के विकास के लिए ठीक नहीं है. लोगों ने विभाग और सरकार से समस्या का स्थायी समाधान करते हुए पुरुलिया रोड के अविलंब पुनर्निर्माण की मांग की है. उनका कहना है कि महज गड्ढों की औपचारिक मरम्मत के बजाय सड़क का समुचित पुनर्निर्माण कराया जाये, ताकि वर्षों तक लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक सवाल
मैं दीपक सवाल, 1994 से प्रभात खबर से जुड़ा हूं। वर्ष 2011 से 2015 तक बोकारो कार्यालय में स्टॉफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रह चुका हूं। 2015 से कसमार डेटलाइन से कार्यरत हूं। मेरा संपर्क नंबर : 9431145607
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









