Bokaro News : रसोई गैस की ब्लैक मार्केटिंग की तो होगी सख्त कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : रसोई गैस की ब्लैक मार्केटिंग की तो होगी सख्त कार्रवाई

Bokaro News : रसोई गैस की ब्लैक मार्केटिंग करने पर प्रशासन ने कार्रवाई की चेतावनी दी है.

विज्ञापन

जिला में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर हाल के दिनों में सामने आयी कुछ असुविधा व उपभोक्ताओं की शिकायत पर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखायी है. उपायुक्त अजय नाथ झा ने रविवार को गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक कर एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की. उपायुक्त ने एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रखंड व जिला स्तर पर कमेटी गठित करने का डीएसओ को निर्देश दिया. प्रखंड स्तर पर प्रत्येक पखवाड़े बीडीओ की अध्यक्षता में बैठक होगी, जबकि जिला स्तर पर प्रत्येक पखवाड़े जिला आपूर्ति पदाधिकारी बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेंगे. इसके अलावा प्रत्येक माह उपायुक्त स्तर पर भी समीक्षा बैठक होगी.

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एलपीजी सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग, कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी. आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जीरो टॉलरेंस नीति अपनायी जायेगी. आमजन ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 8986660333, 06542-242409 व 06542-241000 पर दर्ज दे सकते हैं.

गैस एजेंसियों को सिंगल हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्देश

गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर पर एक सिंगल हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर संपर्क नहीं करना पड़े. उपायुक्त ने कहा कि जिला में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति सामान्य है. उपभोक्ता शहरी क्षेत्र में 25 दिन व ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिनों के अंतराल पर ही सिलिंडर बुक करें. निर्धारित सरकारी शुल्क पर ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी. अफवाह या घबराहट में आकर अनावश्यक बुकिंग नहीं करें.

कॉमर्शियल सिलिंडरों का वितरण प्राथमिकता के अनुसार

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिला आपूर्ति पदाधिकारी की निगरानी में तेल विपणन कंपनी व गैस एजेंसियां प्राथमिकता के आधार पर कॉमर्शियल सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित करें. ताकि, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक (एलपीजी विक्रय) मंसूर अख्तर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

सेक्टर 12 : सुबह से लगी रही उपभोक्ताओं की कतार

सेक्टर 12 के बोकारो फ्लेम इंडेन गैस एजेंसी के सामने रविवार को भी उपभोक्ताओं की कतार लगी रही. एजेंसी के संचालक राजू बच्चन ने बताया कि रविवार को भी ट्रक में सिलिंडर आया. ट्रक में जितने सिलेंडर थे, उससे अधिक उपभोक्ता लेने पहुंच गये. दो-तीन दिन के अंदर आपूर्ति सामान्य हो जायेगी. गैस लेने पहुंचे इंद्रजीत कुमार, अभय कुमार, आकृति कुमारी, रौनक कुमार, दीक्षा राय आदि ने बताया कि सुबह से ही कतार में खड़े हैं. सिर्फ उन्हीं को सिलिंडर दिया जा रहा है, जिनका पहले से बुकिंग है. कंपनी के नंबर में कॉल ही नहीं लग रहा है. इसके कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है. जिनका बुकिंग हुआ भी है तो उनके मोबाइल में मैसेज नहीं आ रहा है.

विज्ञापन
Janak Singh Choudhary

लेखक के बारे में

By Janak Singh Choudhary

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola