स्व. सुभाष मोदी के आश्रितों को मिलेगा नियोजन, डीसी की पहल पर टूटा अनशन

बोकारो स्टील प्लांट के मृत कर्मी सुभाष चंद्र मोदी की पत्नी का अनशन डीसी की पहल पर समाप्त हुआ. परिवार को नियोजन और अन्य सुविधाएं देने का आश्वासन मिला है.
बोकारो: मृत बीएसएल कर्मी सुभाष चंद्र मोदी की पत्नी सोनमणी देवी का आमरण अनशन सोमवार को डीसी अजय नाथ झा ने टूटवाया. डीसी स्वयं टूटेन गार्डन स्थित धरनास्थल पहुंचे और अनशन समाप्त कराया. इससे पहले डीसी ने गोपनीय कार्यालय में सेल अधिकारी, जिला प्रशासन, मृतक के परिजनों और धरना समर्थकों के साथ वार्ता की.
वार्ता में स्व. सुभाष मोदी के दोनों पुत्रों को कंपनी में नियोजन देने, परिवार को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने, उनकी पत्नी को समाज कल्याण विभाग के तहत अनुसूचित जनजाति वर्ग से मिलने वाली सुविधाएं देने तथा उनकी एक बेटी को झारखंड सरकार में तीरंदाजी (आर्चरी) के जिला कोच के रूप में अवसर देने सहित कई बिंदुओं पर चर्चा हुई.
बताते चलें कि बोकारो स्टील प्लांट के एसएमएस एवं सीसीएस विभाग में कार्यरत सुभाष चंद्र मोदी (स्टाफ संख्या-763509) की ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना के बाद इलाज के क्रम में 17 जुलाई को मौत हो गई थी. उनके आश्रित को सेल में नियोजन, नियमानुसार मुआवजा, वैधानिक देय राशि का शीघ्र भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर परिजन अनशन पर बैठे थे.
अनशन स्थल पर परिजनों के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज, एंजेला सिंह, मनोज सिंह, अजय सिंह, रवि शंकर, राजीव मालाकार, जितेंद्र कुमार गोस्वामी, अजय हेंब्रम, लालू मोदी, गौरांग चंद्र पातर, मनीष कुमार, पवन कुमार महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










