बीएसएल ने पहली तिमाही में रचा इतिहास, उत्पादन और मुनाफे के कई नए कीर्तिमान

बीएसएल । Prabhat Khabar Network
बोकारो स्टील प्लांट ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उत्पादन और राजस्व के मामले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं.
बोकारो: वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बीएसएल ने उत्पादन, परिचालन दक्षता व टेक्नो-इकोनॉमिक प्रदर्शन के कई प्रमुख मानकों पर नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं. बीएसएल का परिचालन राजस्व (ऑपरेशनल रेवेन्यू) 9.37 प्रतिशत बढ़ कर 5,376 करोड़ से 5,880 करोड़ रुपए हो गया. इबीआइटीडीए में 566 करोड़ रुपए की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई और 588 करोड़ से बढ़ 1,154 करोड़ पर पहुंच गया, जो सेल के सभी एकीकृत इस्पात संयंत्रों में सर्वोत्तम प्रदर्शन है. इबीआइटीडीए मार्जिन भी 10.94 प्रतिशत से बढ़ कर 19.62 प्रतिशत हो गया. यह भी सेल के सभी संयंत्रों में सर्वाधिक है.
लाभ कर पूर्व में वृद्धि
लाभ कर पूर्व (पीबीटी) में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए यह 97.82 करोड़ से बढ़ कर 715.57 करोड़ रुपया हो गया. उत्पादन के क्षेत्र में भी संयंत्र ने स्थापना काल से अब तक की सर्वश्रेष्ठ प्रथम तिमाही का प्रदर्शन किया. इस अवधि में ओवन पुशिंग्स, ग्रॉस सिन्टर, हॉट मेटल, क्रूड स्टील व कुल विक्रय योग्य कोल्ड रोल्ड स्टील (सीआर सेलएबल) के उत्पादन में नए प्रथम तिमाही रिकॉर्ड स्थापित किए गए. सिंटर मशीन उत्पादकता, कोक रेट और ब्लास्ट फर्नेस उत्पादकता जैसे प्रमुख परिचालन मानकों ने भी संयंत्र के स्थापना काल से अब तक की सर्वोच्च प्रथम तिमाही उपलब्धियां दर्ज की. कोल डस्ट इंजेक्शन (सीडीआइ) दर बढ़ 96 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल (किग्रा./टीएचएम) हो गई, जिसने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में प्राप्त 95 किग्रा./टीएचएम के पिछले सर्वश्रेष्ठ स्तर को पीछे छोड़ दिया.
जल संसाधन प्रबंधन हुआ अधिक सुदृढ़
प्रथम तिमाही के दौरान बीएसएल ने जल संसाधन प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाया. जल उपयोग दक्षता में इस सुधार के कारण जल प्रभार (वाटर चार्जेज) में भी कमी आई. इस अवधि में संयंत्र ने दैनिक उत्पादन के क्षेत्र में भी नये कीर्तिमान स्थापित किए. 17 मई 2026 को संयंत्र ने 22,516 टन ग्रॉस सिन्टर का अब तक का सर्वाधिक दैनिक उत्पादन दर्ज किया.
कई विभागों में बने नए रिकॉर्ड
जून 2026 में कोक ओवन विभाग ने प्रतिदिन औसतन 531 ओवन पुशिंग्स का नया रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले मार्च 2026 में 530 ओवन पुशिंग्स प्रतिदिन का रिकॉर्ड था. कोल्ड रोलिंग मिल ने रूट-2 के शटडाउन के बावजूद अप्रैल 2026 में 52,009 टन विक्रय योग्य कोल्ड रोल्ड स्टील (सीआर सेलएबल-I) का उत्पादन कर मार्च 2026 के 50,975 टन के पिछले रिकॉर्ड को पार कर लिया. ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में भी जून 2026 में विशिष्ट ऊर्जा खपत घटकर 6.274 जी-कैल/टीसीएस के नए मासिक सर्वश्रेष्ठ स्तर पर पहुंच गई. इससे पहले मार्च 2026 में 6.290 जी-कैल/टीसीएस का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था.
हॉट मेटल उत्पादन और बिक्री में भी उपलब्धि
22 अप्रैल 2026 को संयंत्र ने 18,206 टन हॉट मेटल का उत्पादन कर नया दैनिक रिकॉर्ड स्थापित किया. इससे पहले 21 मार्च 2026 को 18,107 टन का रिकॉर्ड था. जून 2026 में संयंत्र ने कोल केमिकल्स की 38.92 करोड़ रुपए की अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री दर्ज की, जिसने सितंबर 2024 में स्थापित 35.97 करोड़ रुपए के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. वहीं, विपणन विभाग ने सेकेंडरी इस्पात के लंबित भंडार को हाल के वर्षों के न्यूनतम स्तर पर बनाए रखते हुए सफल निष्पादन सुनिश्चित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










