सीओ चंदनकियारी ने किया बीज भंडार में छापेमारी,चार बोरी यूरिया खाद जब्त
AI Image
चंदनकियारी में बीज भंडारों में यूरिया की बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. महतो बीज भंडार और गोवर्धन बीज भंडार का निरीक्षण कर बिना पॉस मशीन के बिक्री करने पर चार बोरी यूरिया जब्त की गई है.
चंदनकियारी. एसडीओ चास के निर्देश पर अंचल अधिकारी रवि कुमार आनंद के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को चंदनकियारी स्थित महतो बीज भंडार एवं गोवर्धन बीज भंडार का निरीक्षण किया. टीम में बीटीएम हर्षवर्धन लालूरी समेत अन्य अधिकारी शामिल थे. निरीक्षण के दौरान बिना निर्धारित प्रक्रिया के यूरिया की बिक्री किये जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद अधिकारियों ने चार बोरी यूरिया जब्त कर ली.
रजिस्टर में दर्ज हो रही थी बिक्री
महतो बीज भंडार के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि यूरिया की बिक्री पॉस मशीन के बजाय रजिस्टर में दर्ज की जा रही थी. इस पर सीओ ने संचालक को निर्देश दिया कि किसानों को यूरिया की बिक्री केवल पॉस मशीन के माध्यम से ही की जाये. साथ ही निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की हिदायत दी गयी.
गोवर्धन बीज भंडार में बिक्री पर रोक
वहीं, गोवर्धन बीज भंडार में बिना पॉस मशीन के यूरिया बिक्री किये जाने पर अधिकारियों ने तत्काल खाद की बिक्री पर रोक लगा दी. मौके से चार बोरी यूरिया जब्त कर अंचल कार्यालय ले जायी गयी.
आधार सत्यापन के बाद ही मिलेगी खाद
सीओ रवि कुमार आनंद ने स्पष्ट किया कि किसानों को आधार कार्ड के सत्यापन के बाद पॉस मशीन के माध्यम से ही यूरिया उपलब्ध करायी जानी है. उन्होंने बीज भंडार संचालकों को खाद वितरण में निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया.
प्रशासन की इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र के अन्य बीज भंडार संचालकों में भी हड़कंप मच गया. अधिकारियों ने संकेत दिया कि खाद की बिक्री में अनियमितता मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









