Bokaro News : प्रदर्शन में लाएं सुधार, प्रो एक्टिव होकर करें काम : उपायुक्त

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : प्रदर्शन में लाएं सुधार, प्रो एक्टिव होकर करें काम : उपायुक्त

Bokaro News : कृषि, सहकारिता, गव्य-पशुपालन, मत्स्य समेत लाइन विभाग की हुई समीक्षा बैठक, वित्तीय वर्ष 25-26 के लक्ष्य अनुरूप कार्य को दें गति, फरवरी माह तक हो सभी कार्य पूरा.

विज्ञापन

बोकारो, जिले में कृषि व उससे जुड़े विभाग सहकारिता, गव्य-पशुपालन, मत्स्य समेत लाइन विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक गुरुवार को हुई. समाहरणालय कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित योजना की समीक्षा की. उपायुक्त ने कहा कि संबंधित विभाग प्रदर्शन में अविलंब सुधार लाये. प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लाभुक तक पहुंच सके.डीसी ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, रोजगार सृजन व जिला को कृषि व संबद्ध क्षेत्रों में नई पहचान दिलाना है. उन्होंने सभी विभाग को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.

जरीडीह कृषक पाठशाला के कार्य हो पूरे

डीसी ने जरीडीह कृषक पाठशाला के अधूरे कार्यों की समीक्षा की. संस्था सचिव को निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत कंपोनेंट का कार्य 20 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाये. जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी व जिला उद्यान पदाधिकारी को कृषक पाठशाला परिसर में जलजमाव वाले क्षेत्र के सौंदर्यीकरण व आजीविका सृजन संबंधित कार्ययोजना तैयार कर सात दिनों के भीतर समर्पित करने का निर्देश दिया. जिला कृषि पदाधिकारी को जरीडीह कृषक पाठशाला के लिए कार्य पूर्ण के विपत्र का 75 प्रतिशत भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. ताकि, शेष कार्य में तेजी लायी जा सके.

बोकारो ब्रांड को दें बढ़ावा

वहीं नावाडीह व जरीडीह कृषक पाठशाला में स्थापित मधुमक्खी पालन इकाइयों से उत्पादित शहद की ब्रांडिंग कर बोकारो ब्रांड के रूप में बाजार में उतारने का निर्देश संस्था को दिया गया. ताकि, जिला की पहचान राज्य स्तर पर मजबूत हो सके.

नावाडीह कृषक पाठशाला में मशरूम इकाई की जल्द हो स्थापना

डीसी ने कहा कि नावाडीह कृषक पाठशाला में मशरूम उत्पादन इकाई को शीघ्र स्थापित किया जाये. इससे किसान व युवा को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जा सकेंगे. वहीं, पीडीएमसी योजना के अंतर्गत संचालित ड्रिप सिंचाई कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया गया.

मिलेट उत्पाद के लिए मुख्यालय में खुलेगा कैफेटेरिया

मिलेट मिशन के तहत मिलेट आधारित उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए जिला मुख्यालय में कैफेटेरिया खोलने का निर्णय लिया गया. इससे आमजन को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जा सके. किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत सही लाभुकों के चयन पर जोर देते हुए उपायुक्त ने योजना से किसानों के फसल उत्पादन में होने वाले लाभ का आकलन प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया.

सोलर पंप के लिए बनेगा क्लस्टर

डीसी ने किसानों के क्लस्टर निर्माण कर डीएमएफटी फंड से पांच एचपी सोलर पंप उपलब्ध कराने व इससे किसानों को होने वाले लाभ को रेखांकित करते हुए प्रस्ताव तैयार कर जिला को समर्पित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सहकारिता विभाग की समीक्षा क्रम में गोदाम निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने के लिए अपर समाहर्ता से पत्राचार करने का निर्देश दिया. साथ ही धान क्रय कार्य में तेजी लाने व एक सप्ताह के भीतर किसानों को धान की राशि भुगतान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिया. डीसी ने गव्य व पशुपालन विभाग को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए पशुपालकों के साथ बैठक करने व लाभुकों का शत-प्रतिशत बैंक खाता खुलवाने का निर्देश दिया. वर्तमान वित्तीय वर्ष के लक्ष्य को पूरा करने को कहा.

मत्स्य विभाग : शेष तालाबों की करें बंदोबस्ती

डीसी ने मत्स्य विभाग को जिला के शेष सभी तालाब व जल स्रोतों की बंदोबस्ती जल्द पूरा करने व इससे संबंधित रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया. कहा कि प्रखंड स्तरीय किसान मेला के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का सहयोग विभाग ले. साथ ही सभी जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाये, ताकि किसानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके.

मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, एसी मुमताज अंसारी, जिला कृषि पदाधिकारी शाहीद, जिला मत्स्य पदाधिकारी नीलम एक्का, जिला सहकारिता पदाधिकारी ऋतुराज कुमार प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जिला उद्यान पदाधिकारी, आत्मा परियोजना निदेशक, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Anand Kumar Upadhyay

लेखक के बारे में

By Anand Kumar Upadhyay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola