ePaper

Bokaro News : तीन माह के अंदर सभी निर्माण कार्य को करें पूरा : उपायुक्त

Updated at : 02 Jul 2025 10:39 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : तीन माह के अंदर सभी निर्माण कार्य को करें पूरा : उपायुक्त

Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट संबंधित परेशानियों को दूर करने को लेकर प्रशासन रेस, मीट दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर बीएसएल द्वारा चिन्हित स्थानों का करें संयुक्त निरीक्षण.

विज्ञापन

बोकारो, बहुप्रतीक्षित बोकारो हवाई अड्डे की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तीव्र गति से कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने बोकारो एयरपोर्ट का संचालन शुरू करने में आ रही दिक्कतों, पिछली बैठक में दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुपालन आदि के संबंध में बैठक की. उपायुक्त ने क्रमवार विभिन्न बिंदुओं प्रदूषण क्लीयरेंस, बीसीएएस सिक्योरिटी क्लीयरेंस, सतनपुर के पहाड़ी पर उच्च तीव्रता वाले फ्लैस लाइट का अधिष्ठापन, एयरपोर्ट की सुरक्षा एवं अग्निशमन के लिए स्थायी रूप से मानव बल की उपलब्धता, बोकारो एयरपोर्ट पर 02 एसीएफटी वाहन की तैनाती, एयरपोर्ट के लिए एबुलेंस व एयरपोर्ट समीप मीट दुकान को स्थानांतरित करने पर चर्चा कर संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया.

समय-सीमा निर्धारित, तीन माह में पूरी हो कार्रवाई

उपायुक्त ने एयरपोर्ट संचालन में आ रही प्रमुख बाधाओं को क्रमवार चिन्हित करते हुए उनके समाधान के लिए तीन माह की समय-सीमा निर्धारित की. डीसी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय में सभी लंबित प्रक्रियाएं पूर्ण करें. उपायुक्त ने एयरपोर्ट के संचालन में जरूरी पर्यावरणीय अनापत्ति प्रमाण पत्र शीघ्र प्राप्त करने को बोर्ड से पत्राचार करने को बीएसएल प्रबंधन को निर्देश दिया. साथ ही पत्राचार की कापी जिला को समर्पित करने को कहा, ताकि जिला स्तर से भी इस दिशा में सकारात्मक पहल की जाये.

सुरक्षा क्लीयरेंस को लेकर 10 वाच टावर का कराएं निर्माण

डीसी ने सुरक्षा संबंधी स्वीकृति के लिए बीसीएएस से संपर्क की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया. डीसी ने बोकारो एयरपोर्ट की डीडीएम को परिसर में 10 वाच टावर का निर्माण तीन माह में पूरा करने को कहा, मुख्यालय स्तर से बात करते हुए अगस्त माह में कार्य शुरू करने की बात कहीं.

सतनपुर पहाड़ी पर हाइ-इंटेंसिटी फ्लैश लाइट का होगा अधिष्ठापन

डीसी ने कहा कि मार्ग को स्पष्ट रखने व विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए सतनपुर पहाड़ी पर हाइ-इंटेंसिटी फ्लैश लाइट लगाना अनिवार्य है, आधारभूत संरचना व समूचित प्रकाश की व्यवस्था वन प्रमंडल व बिजली विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेगा. इस कार्य को भी निर्धारित समय में शुरू करने को कहा गया. डीसी ने कहा: फ्लैश लाइट का कनेक्शन विद्युत, बैट्री एवं सोलर पैनल तीनों व्यवस्था से होगी.

अग्निशमन को लेकर स्थायी मानवबल की उपलब्धता

डीसी ने अग्निशमन सेवा के लिए स्थायी रूप से प्रशिक्षित मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर विभाग से पत्राचार करने, अन्य जिलों में पदस्थापित प्रशिक्षित मानवबल को बोकारो जिले में ही स्थानांतरण करने की बात कही. डीसी ने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप 02 एएफटीफ वाहन बोकारो एयरपोर्ट पर तैनात किया जाना है, इसमें 01 एफटीएफ अग्निशमन वाहन उपलब्ध है. एक की मांग राज्य मुख्यालय से करने की चर्चा हुई. इस दौरान उपायुक्त ने उपलब्ध एफटीएफ अग्निशमन वाहन को आपरेशनल रखने का अग्निशमन पदाधिकारी आरके सिंह को निर्देश दिया.

सिविल सर्जन एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करें

डीसी ने कहा कि आपात स्थिति में आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा सुविधा के लिए एक स्थायी एम्बुलेंस की व्यवस्था जरूरी है. इसको लेकर बैठक में उपस्थित सिविल सर्जन को राज्य से पत्राचार कर एबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. एयरपोर्ट की परिधि के समीप स्थित मीट शॉप को हटाने और वैकल्पिक स्थल पर स्थानांतरित करने को लेकर उपायुक्त ने बीएसएल द्वारा चिन्हित अन्य स्थानों को बीएसएल-अनुमंडल पदाधिकारी चास को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर एक स्थान को फाइनल करने को कहा. इसके अलावा डीसी ने भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए बोकारो एयरपोर्ट के सामने स्थित मुख्य सड़क का वैकल्पिक मार्ग तैयार करने को बीएसएल को कंस्लटेंट नियुक्त कर डीपीआर तैयार करने को कहा.

ये थे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी रजनीश कुमार, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, बीएसएल नगर सेवा के मुख्य महाप्रबंधक कुंदन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, एयरपोर्ट की डीडीएम प्रियंका, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत प्रशासनिक पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola