Bokaro News : गुरुकुल पब्लिक स्कूल के चार वाहनों में असामाजिक तत्वों ने लगायी आग

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : गुरुकुल पब्लिक स्कूल के चार वाहनों में असामाजिक तत्वों ने लगायी आग

Bokaro News : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आमतल काशीझरिया की घटना, बाहर से कमरे की कुंडी बंद कर असामाजिक तत्वों ने दिया वारदात को अंजाम, 1.80 करोड़ रुपये का हुआ नुकसान.

विज्ञापन

पिंड्राजोरा, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आमतल काशीझरिया में आनंद मार्ग की ओर से संचालित गुरुकुल पब्लिक स्कूल के परिसर में गुरुवार की रात असामाजिक तत्वों ने चार स्कूल बसों और एक वैन में आग लगा दी. घटना में करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. एक बस में लगी आग को पहरेदारों की सतर्कता से बुझा लिया गया, जिससे वह पूरी तरह जलने से बच गयी. विद्यालय के निदेशक कृष्ण गोपाल पांडे ने इस संबंध में पिंड्राजोरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 10.30 बजे कृष्ण गोपाल पांडे व अन्य लोग छात्रावास में सो रहे थे. विद्यालय से लगभग 500 मीटर दूर चहारदीवारी के अंदर चारों वाहन खड़े थे. वैन चालक देवीलाल माथुर और रात्रि प्रहरी उत्तम कुमार महतो ने बताया कि वे दोनों कैंपस में बने एक कमरे में विश्राम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनकर उनकी नींद खुली. खिड़की से बाहर देखने पर बसों में आग लगी हुई थी. जब उत्तम ने बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोलने का प्रयास किया, तो पाया कि बाहर से कुंडी बंद कर दी गयी है. इसके बाद दोनों ने मोबाइल से घटना की सूचना विद्यालय के निदेशक को दी.

दमकल पहुंचने से पहले जल चुके थे वाहन

सूचना मिलते ही निदेशक मौके पर पहुंचे और कुंडी खोलकर दोनों को बाहर निकाला. इसके बाद उन्होंने तत्काल पिंड्राजोरा थाना प्रभारी और दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना पर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. हालांकि, दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही तीन बसें और एक वैन पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं. जले वाहनों में जेएच-09 बीके-3319 (53 सीटर बस), जेएच-09 एबी-1239 (33 सीटर बस), जेएच-09 बीएल-4950 (52 सीटर बस), जेएच-09 बीके-4033 (वैन) और एक बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की नयी बस है. शुक्रवार की सुबह घटनास्थल पर खोजी कुत्ता और स्पेशल टीम पहुंचे. टीम ने आगजनी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की और साक्ष्य जुटाये. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Anand Kumar Upadhyay

लेखक के बारे में

By Anand Kumar Upadhyay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola