बोकारो में मर्डर मिस्ट्री: सुनसान घर के बाहर मिला अधेड़ का का शव, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
Bokaro Crime News

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीणों की लगी भीड़

Bokaro Crime News: बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र के कशियाटांड में 45 वर्षीय मजदूर विनोद महतो का लहूलुहान शव संदिग्धावस्था में मिला है. सिर और पेट पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है. मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुटी है. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

विज्ञापन

बोकारो, (रंजीत कुमार की रिपोर्ट): बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत करहरिया पंचायत के कशियाटांड में रविवार की सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्धावस्था में बरामद हुआ. जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान करहरिया निवासी 45 वर्षीय विनोद महतो के रूप में की गई है. शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि मृतक के सिर, पेट और पीठ पर गंभीर चोटों के गहरे निशान पाए गए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में कोहराम मच गया है.

सुनसान जगह पर जमीन पर पड़ा था शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुछ ग्रामीण जब कशियाटांड की तरफ जा रहे थे, तभी उन्होंने एक सुनसान जगह पर स्थित मकान के बाहर जमीन पर एक व्यक्ति को बेसुध पड़ा देखा. नजदीक जाने पर ग्रामीणों ने उसकी पहचान विनोद महतो के रूप में की और तुरंत इसकी सूचना बालीडीह थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बालीडीह थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया.

Also Read: चाईबासा प्रशासन के कार्यशैली पर भड़के पूर्व CM अर्जुन मुंडा, कहा- यह प्रशासनिक अकड़ है या शिष्टाचार की कमी?

पुलिस को बुलाना पड़ा फॉरेंसिक टीम और खोजी कुत्ता

मामले की संवेदनशीलता और पेचीदगी को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए तत्काल खोजी कुत्ता दस्ता (Dog Squad), फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुला लिया. सभी विंग्स ने अपने-अपने स्तर से मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य (Evidence) जुटाए हैं. हालांकि, शव के आसपास से पुलिस को कोई लाठी-डंडा या धारदार हथियार बरामद नहीं हुआ है और शुरुआती जांच में खोजी कुत्ता भी कोई पुख्ता सुराग नहीं दे पाया है. आशंका जताई जा रही है कि विनोद की हत्या कहीं और करके साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को इस सुनसान मकान के पास लाकर फेंक दिया गया है.

ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था बेटा

मृतक के पुत्र उदय कुमार साव ने बताया कि उसके पिता अक्सर बाहर रहकर मजदूरी का काम करते थे और कभी-कभार ही गांव आते थे. उदय खुद अपनी मां और बहन के साथ पेटरवार स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है. उसने बताया कि उसके पिता शुक्रवार की रात को ही गांव लौटे थे, लेकिन शनिवार की रात उनके साथ क्या अनहोनी हुई, इसकी भनक किसी को नहीं लगी. सुबह उनके दादा ने फोन कर इस दर्दनाक घटना की जानकारी दी.

परिजनों ने की जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की अपील

मृतक के लाचार पिता छोटू महतो ने बताया कि वह गांव के मुहाने पर स्थित सूरज मोड़ के पास रहते हैं. सुबह ग्रामीणों से बेटे का शव मिलने की खबर पाकर वे बदहवास हालत में कशियाटांड पहुंचे, जहां उनका बेटा मृत पड़ा था. इसके बाद उन्होंने तुरंत अपने पोते को सूचना दी. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इस हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है.

क्या कहते हैं अधिकारी

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. इस पूरे मामले पर बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने कहा, “मामला पूरी तरह से संदेहास्पद है और पुलिस ने हर बिंदु पर अपनी जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं. जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.”

Also Read: Koderma: सतगावां में पुलिस पूछताछ के दौरान बेहोश हुई महिला, बाद में मौत

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola