ePaper

रांची : चार राज्यों में मानव तस्करी का धंधा चलाने का आरोपी जेल भेजा गया

Updated at : 11 Nov 2018 1:03 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : चार राज्यों में मानव तस्करी का धंधा चलाने का आरोपी जेल भेजा गया

सिमडेगा/रांची : दिल्ली समेत चार राज्यों में मानव तस्करी का धंधा चलाने के आरोपी रोहित कुमार मुनि को पूछताछ के बाद शनिवार को जेल भेज दिया गया. उसे भागलपुर के कहलगांव से गिरफ्तार किया गया था. बाद में उसे सिमडेगा लाया गया. रोहित मुनि की पत्नी को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है. […]

विज्ञापन
सिमडेगा/रांची : दिल्ली समेत चार राज्यों में मानव तस्करी का धंधा चलाने के आरोपी रोहित कुमार मुनि को पूछताछ के बाद शनिवार को जेल भेज दिया गया. उसे भागलपुर के कहलगांव से गिरफ्तार किया गया था. बाद में उसे सिमडेगा लाया गया. रोहित मुनि की पत्नी को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है. इस बात की जानकारी पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने प्रेस वार्ता में दी.
उन्होंने बताया कि जलडेगा के एक व्यक्ति ने सिमडेगा एएचटीयू थाना में प्रभा मुनि व रोहित मुनि दोनों पति-पत्नी के अलावा अन्य लोगों के विरुद्ध वर्ष 2013 में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी में इनके विरुद्ध नाबालिगों को बहला-फुसला कर दिल्ली में बेचने का आरोप लगाया गया था. उक्त मामले में पुलिस दिल्ली से प्रभा मुनि को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
इधर, पति रोहित मुनि फरार चल रहा था. गुप्त सूचना पर सिमडेगा पुलिस ने भागलपुर स्थित त्रिमुहाना कहलगांव से आठ नवंबर को उसे भी गिरफ्तार कर लिया. उक्त लोगों ने मुख्य रूप से दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़ एवं ओड़िशा में मानव तस्करी का जाल बिछा रखा था. एसपी संजीव कुमार ने बताया कि रोहित मुनि के पकड़े जाने से मानव तस्करी पर रोक लगेगी.
रोहित मुनि तथा उसकी पत्नी प्रभा मुनि के नाम पर जमा की गयी संपत्ति की भी जांच करायी जा रही है. एसपी ने बताया कि प्रभा मुनि व रोहित मुनि द्वारा दिल्ली में बड़े-बड़े नेताओं के साथ फोटो खिंचवा कर पैठ बनाने की बात सामने आयी है. श्री कुमार ने बताया कि प्रभा मुनि व रोहित मुनि द्वारा संपूर्ण घरेलू कामगार सर्वेक्षण एवं उत्थान समिति की आड़ में ही मानव तस्करी का धंधा किया जा रहा था. पूछताछ में बहुत सारे तथ्य सामने आये हैं. उसकी जांच की जायेगी. उसकी गिरफ्तारी में एएचटीयू राजे कुजूर, अरविंद कुमार व मोजिबुल हक सहित शस्त्र बलों ने सराहनीय भूमिका निभायी.
दिल्ली में पति-पत्नी करते थे क्रिसमस पर बड़े कार्यक्रम का आयोजन
पकड़े गये रोहित मुनि की पैठ दिल्ली में बड़े बड़े नेताओं तक है. रौब जमाने के लिए प्रभा मुनि व रोहित मुनि द्वारा दिल्ली में क्रिसमस पर कार्यक्रम का आयोजन होता था, जिसमें दिल्ली के बड़े-बड़े नेताओं को आमंत्रित किया जाता था. यहां तक कि नेताओं की रैली व सभा में प्रभा मुनि तथा रोहित मुनि द्वारा भीड़ इकट्ठा की जाती थी. ऐसा कर वे नेताओं के बीच अपनी पैठ बनाते थे.
इधर, रांची में मानव तस्करी के संदेह में आरोपी पकड़ा गया
रांची : कोतवाली पुलिस ने शनिवार की शाम मानव तस्करी के संदेह में एनजीओ दीया संस्थान के सहयोग से दिनेश मंडल उर्फ दिनेश साहू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस ने उससे 17 वर्षीय नाबालिग को भी मुक्त कराया है. पुलिस दिनेश मंडल और नाबालिग दोनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस के अनुसार आरंभिक पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि दिनेश मंडल जामताड़ा का रहने वाला है.
वह रांची में ही रहकर काम करता है. वहीं दूसरी ओर नाबालिग रांची की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि उसका संपर्क दिनेश मंडल से अपनी सहेली के जरिये हुआ था. दिनेश मंडल नाबालिग को काम दिलाने के लिए जमशेदपुर ले जा रहा था. पुलिस के अनुसार मामले में अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है. दीया सेवा संस्थान की सीता स्वांसी ने बताया कि उन्हें नाबालिग के ट्रैफिकिंग की जानकारी मिली थी.
इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के सहयोग से आरोपी को कचहरी चौक पर देखा. उसके साथ एक नाबालिग थी. इसके बाद उनकी टीम ने कचहरी चौक पर तैनात पुलिस के सहयोग से आरोपी को पकड़ लिया. इसके बाद नाबालिग और अारोपी को कोतवाली थाना की पुलिस को सौंप दिया गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola