बिजली को लेकर राज्यभर में प्रदर्शन, बाबूलाल मरांडी भी बैठे धरने पर

Updated at : 12 Jun 2014 6:16 AM (IST)
विज्ञापन
बिजली को लेकर राज्यभर में प्रदर्शन, बाबूलाल मरांडी भी बैठे धरने पर

गिरिडीहः झारखंड में बिजली की लचर व्यवस्था के खिलाफ झाविमो ने बुधवार को डांडीडीह स्थित विद्युत विभाग के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना दिया. झाविमो के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में मुंडा सरकार से लेकर हेमंत सोरेन की सरकार ने बिजली विभाग को लूट का अड्डा बना रखा है. इन सरकारों […]

विज्ञापन

गिरिडीहः झारखंड में बिजली की लचर व्यवस्था के खिलाफ झाविमो ने बुधवार को डांडीडीह स्थित विद्युत विभाग के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना दिया. झाविमो के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में मुंडा सरकार से लेकर हेमंत सोरेन की सरकार ने बिजली विभाग को लूट का अड्डा बना रखा है. इन सरकारों को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है.

मेरे 28 माह के शासनकाल में बिजली व्यवस्था बेहतर रही. मेरी सरकार के पतन के पीछे बिजली ही कारण बनी. इसके बाद झारखंड में बनी तमाम सरकारों ने बिजली विभाग को लूटने का काम किया.श्री मरांडी ने कहा कि संरचना व्यवस्था को लेकर पीजीसीएल को 16 सौ करोड़ की योजना दी गई, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षो में ट्रांसफारमर की खरीदारी घटिया स्तर पर हुई. श्री मरांडी ने ऊर्जा मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के दावे को भी खोखला बताया. कहा कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में राज्य सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है.

बिजली की अव्यवस्था के लिए कांग्रेस व झामुमो के साथ-साथ भाजपा भी दोषी

दुमकाः झारखंड विकास मोरचा ने बिजली विभाग के जीएम कार्यालय दुमका के समक्ष दो दिवसीय धरना बुधवार से शुरू किया. धरने का नेतृत्व मोरचा के केंद्रीय महासचिव प्रदीप यादव व झाविमो नेता प्रो स्टीफन मरांडी कर रहे हैं. श्री मरांडी ने बताया कि राज्य सरकार गांवों व शहरों में निर्वाद बिजली की आपूर्ति करे पार्टी की यही मांग है. उन्होंने कहा कि झारखंड में बिजली की लचर अवस्था के लिए कांग्रेस व झारखंड मुक्ति मोरचा के साथ-साथ भाजपा भी कम दोषी नहीं हैं. धरने में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिले से जिलाध्यक्ष व पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे.

हजारीबाग में सात भाजपा नेताओं ने दी गिरफ्तारी

हजारीबागः बिजली को लेकर भाजपा का आंदोलन 10वें दिन भी जारी रहा. बुधवार को चरणबद्ध आंदोलन के तहत सदर प्रखंड और दारू प्रखंड मुख्यालय में धरना- प्रदर्शन व तालाबंदी कार्यक्रम किया गया. भाजपा नेताओं ने अनियमित बिजली आपूर्ति, बेस गांव में बिजली नहीं पहुंचने और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा समेत 58 भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन को जारी रखने का एलान किया. प्रदर्शन करनेवालों में भाजपा नेता सुरेंद्र सिन्हा, मनीष जायसवाल, अशोक यादव, कृष्णा सिन्हा, राजन सिन्हा शामिल थे.

सदर प्रखंड मुख्यालय में तालाबंदी, सरकारी कामकाज बाधित करने के आरोप में सात भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार भाजपा नेताओं में प्रखंड अध्यक्ष अनेश्वर प्रसाद, सुनील केसरी, ललेंद्र साव उर्फ लखपतिया, हिमांशु कुमार, नंदलाल मेहता, कृष्णा सिंह और रोहित कुशवाहा शामिल हैं. वहीं दारू प्रखंड के भाजपा नेताओं को हिरासत में लेने के बाद निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया.

सिमडेगा में सड़क पर उतरे लोग, रोड जाम

सिमडेगाः सिमडेगा में विद्युत की लचर व्यवस्था के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आये. लोगों ने जम कर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. मंगलवार को देर रात तक रोड जाम रहा. बुधवार को भी सुबह से ही कई स्थानों पर रोड जाम कर दिया गया. खरैनटोली, बीरू, टुकुपानी, सामटोली आदि स्थानों पर लोगों ने रोड जाम कर दिया. लोग विद्युत व्यवस्था सही करने एवं जले हुए ट्रांसफारमर कोबदलने की मांग कर रहे थे. लोगविद्युत फ्रेंचाइजी को भी हटाने की मांग कर रहे थे.

सुबह सात बजे से ही रोड जाम होने के कारण वाहनों का परिचालन ठप हो गया. सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. विद्युत विभाग के पदाधिकारी द्वारा व्यवस्था सही कर दिये जाने के आश्वासन के बाद रोड जाम हटाया गया.

रांची भी रही परेशान

रांचीः राजभवन सबस्टेशन के इलेवन केबी रातू रोड फीडर से रात दस बजकर बीस मिनट से 12.05 बजे तक बिजली की आपूर्ति बंद थी. इस कारण शिवपूरी, इंद्रपूरी, आर्यपूरी, मधुकम, मेट्रो गली , रातू रोड, खादगढा सहित बडे इलाके में उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिली. मधुकम सहित कई इलाके में उपभोक्ताओं ने रात सवा नौ बजे से रात 12.05 बजे तक बिजली नहीं मिलने की शिकायत की. विभाग के अधिकारी ने कहा शिवपूरी सब्जी मार्केट के समीप तार टूट जाने व इंसूलेटर ब्रस्ट कर जाने के कारण यह बिजली बंद हुई थी.

उधर हरमू सब स्टेशन के हिंदपीढी फीडर से रात 11.00 से 12.20 बजे तक बिजली की आपूर्ति बंद थी. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सबस्टेशन स्थित एबी स्वीच का जंफर कट जाने के कारण बिजली की आपूर्ति बंद हो गयी थी. फिल्हाल एबी स्विच को डाइरेक्ट कर बहाल की गयी है. वहीं उक्त खराबी को गुरुवार को दिन में ठीक किया जायगा. इस कारण उपभोक्ताओं को दिन में थोडी देर बिजली नहीं मिल पायेगी. न्यू हरमू फीडर से भी स्थानीय खराबी को दूर करने के कारण थोडी देर के लिए बिजली की आपूर्ति बंद रही. उधर रात ग्यारह बजे से हिंदपीढी फीडर से बिजली की आपूर्ति बंद है जिस कारण हिंदपीढी पीपी कंपाउंड के उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल रही है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola