दुमका में कोर्ट कैंपस बना पारिवारिक विवाद का अखाड़ा, जमकर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

दुमका के सिविल कोर्ट के कैंपस में झगड़ा करते दो परिवार के लोग. फोटो: प्रभात खबर
Dumka News: दुमका कोर्ट परिसर में दो पारिवारिक विवादों ने हाई-वोल्टेज ड्रामा का रूप ले लिया. पत्नी द्वारा पति पर दूसरी शादी का आरोप लगाकर मारपीट की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों मामलों को शांत कराया और जांच शुरू कर दी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
दुमका से विक्रमादित्य पांडेय की रिपोर्ट
Dumka News: झारखंड के दुमका सिविल कोर्ट के कैंपस में सोमवार का दिन पूरी तरह हंगामे और हाई-वोल्टेज ड्रामे से भरा रहा. पारिवारिक विवादों के दो अलग-अलग मामलों ने ऐसा रूप ले लिया कि कोर्ट कैंपस कुछ समय के लिए अखाड़े में बदल गया. दिनभर लोगों की भीड़ जुटी रही और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
पहली घटना: पत्नी ने पति पर लगाया दूसरी शादी का आरोप
पहला मामला मसलिया थाना क्षेत्र के डुमरी गांव से जुड़ा है. यहां नुरेमान अंसारी की पत्नी सबेरा खातून ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया. कोर्ट परिसर में ही दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने पति पर हाथ उठा दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन भी आपस में भिड़ गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
कोर्ट परिसर में मची अफरा-तफरी
घटना के दौरान सिविल कोर्ट कैंपस में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और परिसर से बाहर कर दिया. हालांकि, मामला यहीं शांत नहीं हुआ और बाहर निकलने के बाद भी विवाद जारी रहा.
बाहर भी जारी रही पिटाई और हंगामा
कोर्ट कैंपस से बाहर आने के बाद करीब आधे घंटे तक पत्नी और उसके परिजनों ने पति की पिटाई की. इस दौरान पति की जमकर फजीहत हुई. पत्नी का आरोप था कि पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली है और उसके अधिकारों का हनन किया है. अधिवक्ताओं के समझाने के बाद मामला कुछ समय के लिए शांत हुआ.
पुलिस के हस्तक्षेप से मामला काबू में
स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई. पत्नी की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस बीच कुछ देर बाद दोनों पक्ष फिर से कोर्ट परिसर पहुंच गए, जिससे तनाव का माहौल बना रहा.
दूसरी घटना: 50 वर्षीय महिला ने पति को पीटा
पहला मामला शांत भी नहीं हुआ था कि एक और पारिवारिक विवाद सामने आ गया. करीब 50 वर्षीय महिला ने अपने पति पर चोरी-छिपे दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट परिसर में ही उसकी पिटाई कर दी. यह विवाद करीब एक घंटे तक चलता रहा और वहां भारी भीड़ जुट गई.
16 साल के रिश्ते के बाद धोखे का आरोप
महिला ने बताया कि वह पिछले 16 वर्षों से अपने पति के साथ रह रही है. इसके बावजूद पति ने दूसरी शादी कर ली. इस बात से आहत होकर महिला ने कोर्ट परिसर में ही विरोध जताया और पति को पकड़कर मारपीट की. उसने महिला अधिवक्ता की मदद से पुलिस को सूचना भी दी.
पति के भागने की कोशिश, पत्नी ने रोका
घटना के दौरान आरोपी पति मौके से भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन महिला ने उसे पकड़कर रोक लिया. एक समय ऐसा भी आया जब महिला ने उसके पैर पकड़ लिए, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. इस दौरान आरोपी की दूसरी पत्नी के परिजन भी मौके पर मौजूद थे और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे.
पुलिस का इंतजार और बढ़ता तनाव
करीब एक घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम में महिला पुलिस के आने का इंतजार करती रही. मौके पर मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे. महिला ने अपना नाम मनकी देवी और पति का नाम रामभरण दास बताया, जो जरमुंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
इसे भी पढ़ें: टेंडर कमीशन घोटाले में दो रिटायर्ड इंजीनियरों ने किया सरेंडर, जमानत पर रिहा
कोर्ट कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
लगातार दो घटनाओं ने कोर्ट कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. दिनदहाड़े इस तरह के विवाद और मारपीट ने यह साफ कर दिया कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के 8000 वित्तरहित शिक्षकों ने उपवास रखकर बच्चों को पढ़ाया, 10 अप्रैल को महाधरना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




