कचरे से जाम दिगलपहाड़ी मुख्य नहर की होगी सफाई, विभाग ने मांगा आवंटन

दिगलपहाड़ी दायांतट मुख्य नहर पर उगे जंगल व जमा कचरा | Prabhat Khabar Network
दिगलपहाड़ी मुख्य नहर में जमा कचरे और अतिक्रमण के कारण सिंचाई बाधित है। सिंचाई विभाग ने नहर की सफाई और स्लैब लगाने के लिए सरकार से आवंटन की मांग की है।
चापुड़िया से आसनबनी तक नहर पर स्लैब लगाने का भी प्रस्ताव प्रतिनिधि, रानीश्वर. दिगलपहाड़ी मुख्य नहर में वर्षों से जमा कचरे और अतिक्रमण के कारण अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है. इसे देखते हुए सिंचाई विभाग ने नहर की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवंटन की मांग की है. आवंटन मिलते ही कार्य शुरू करने की बात विभाग ने कही है. जानकारी के अनुसार करीब सात वर्ष पूर्व सिंचाई विभाग के कमांड डेवलपमेंट एरिया (सीएडी) के तहत लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से दिगलपहाड़ी डैम के सुदृढ़ीकरण के साथ डैम से निकली दायांतट एवं बायांतट मुख्य नहर तथा कई शाखा नहरों का पक्कीकरण कराया गया था. दायांतट मुख्य नहर की चौड़ाई शुरुआत से अंतिम छोर तक 21 फीट निर्धारित है, लेकिन चापुड़िया स्कूल से आसनबनी बाजार तक अतिक्रमण के कारण इसकी चौड़ाई घटकर मात्र पांच फीट रह गई है. स्थानीय लोगों द्वारा नहर में लगातार कूड़ा-कचरा फेंके जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है. नहर कई स्थानों पर कचरे से पट चुकी है, जिससे पानी का प्रवाह बाधित हो गया है और अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है. इसका असर क्षेत्र के किसानों पर पड़ रहा है. उल्लेखनीय है कि दिगलपहाड़ी डैम से निकली दोनों मुख्य नहरों की मरम्मत और पक्कीकरण की मांग को लेकर किसानों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने लंबे समय तक आंदोलन किया था. इसके बाद नहरों का पक्कीकरण कराया गया, लेकिन नियमित रखरखाव और कचरा फेंके जाने के कारण अब फिर से समस्या उत्पन्न हो गई है. सिंचाई अवर प्रमंडल रांगालिया के सहायक अभियंता रवींद्र मुर्मू ने बताया कि दिगलपहाड़ी दायांतट मुख्य नहर की साफ-सफाई तथा चापुड़िया से आसनबनी बाजार तक नहर के ऊपर ढक्कन लगाने के लिए विभाग से आवंटन की मांग की गई है. आवंटन मिलते ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा, ताकि नहर के अंतिम छोर तक निर्बाध रूप से सिंचाई का पानी पहुंच सके. फोटो कैप्शन: दिगलपहाड़ी दायांतट मुख्य नहर में उगी झाड़ियां और जमा कूड़ा-कचरा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










