हाथ से हाथ मिला रचा इतिहास
Updated at : 21 Jan 2017 11:36 PM (IST)
विज्ञापन

मानव शृंखला . नशामुक्त समाज बनाने का लोगों ने िलया संकल्प जिले में तीन लाख से अधिक लोगों ने मानव शृंखला में हिस्सा लिया हाजीपुर : नशामुक्ति के पक्ष में विश्व की सबसे बड़ी मानव शृंखला के निर्माण में वैशाली जिले के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी निभायी. जिले में मानव शृंखला […]
विज्ञापन
मानव शृंखला . नशामुक्त समाज बनाने का लोगों ने िलया संकल्प
जिले में तीन लाख से अधिक लोगों ने मानव शृंखला में हिस्सा लिया
हाजीपुर : नशामुक्ति के पक्ष में विश्व की सबसे बड़ी मानव शृंखला के निर्माण में वैशाली जिले के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी निभायी. जिले में मानव शृंखला के निर्धारित सभी रूटों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. बच्चों और महिलाओं का उत्साह देखते बनता था. जिला प्रशासन से लेकर नागरिक समाज तक, हर वर्ग और तबके के लोग मानव शृंखला के हिस्सेदार बने. नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिए जिले के लाखों लोगों ने शनिवार को शराबबंदी के समर्थन में हाथ से हाथ मिलाया और मानव शृंखला को ऐतिहासिक बनाने में अपनी महती भूमिका निभायी. राजनीतिक सामाजिक संगठनों से लेकर शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संस्थाओं तक, सभी ने इस आयोजन में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज करायी.
निर्धारित समय के पहले ही सभी रूटों पर शृंखला में शामिल होने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. कहीं-कहीं तो भीड़ इतनी हो गयी कि सड़क पर दो कतार लगानी पड़ी. कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध कर रखा था. चाक चौबंद व्यवस्था बनाये रखने में पूरा प्रशासनिक अमला सुबह से ही सड़कों पर दौड़ता नजर आया. जिलाधिकारी रचना पाटिल जिले के सराय के निकट एनएच 77 पर तथा पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार महात्मा गांधी सेतु पर मानव शृंखला के हिस्सेदार बने. शराबबंदी के समर्थन में दलबंदी की सीमाओं को दरकिनार करते हुए पक्ष और विपक्ष की राजनीतिक पार्टियों ने हाथ से हाथ मिलाया और मानव शृंखला को कामयाब बनाया. इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से मानव शृंखला के सहभागियों के लिए पानी, बिस्किट, ग्लूकोज, मिठाई, नींबू पानी, आदि की व्यवस्था की. जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से मानव शृंखला के दौरान चिकित्सा के आवश्यक इंतजाम किये गये थे. जिले के विभिन्न रूटों पर 75 मेडिकल टीमों को लगाया गया था. हर पांच किलोमीटर पर एक मेडिकल टीम तथा लगभग 10 किलोमीटर दूरी पर एंबुलेंस की व्यवस्था की गयी थी. कुल 61 एंबुलेंस लगायी गयी थी. पीएचइडी की ओर से जिले के सभी निर्धारित रूटों पर पेयजल की व्यवस्था की गयी थी. लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, हाजीपुर के द्वारा बारह गति शील वाटर टैंकरों के जरिये शृंखला में शामिल लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया गया. मानव शृंखला रूट में पड़ने वाले लगभग पौने दो सौ चापाकलों को दुरुस्त किया गया. जिले से लेकर प्रखंड तक के सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अपने क्षेत्र में कार्यबल के साथ मुस्तैद दिखे. मानव शृंखला के दौरान जिले के सभी मुख्य मार्गों पर यातायात को रोक रखा गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




