हाजीपुर में मुहर्रम पर दोपहर 2 बजे से ताजिया पहलाम तक बिजली रहेगी बंद, 10 अखाड़ों को मिला लाइसेंस

Updated:
विज्ञापन

Hajipur Muharram News: हाजीपुर के बेलसर क्षेत्र में मुहर्रम पर दोपहर 2 बजे से ताजिया पहलाम तक सभी बिजली फीडर बंद रहेंगे. 10 अखाड़ों को लाइसेंस जारी किया गया है. डीजे और घातक हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

विज्ञापन

Hajipur Muharram News: (विनय पटेल) मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से ताजिया के पहलाम तक पटेढ़ी बेलसर उपग्रिड से जुड़े सभी विद्युत फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी. यह निर्णय ताजिया जुलूस के दौरान संभावित विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के उद्देश्य से लिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सभी फीडरों पर तैनात रहेंगे बिजली विभाग के कर्मी

विद्युत विभाग ने सभी फीडरों पर मानव बल की तैनाती कर दी है. संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के उन गांवों में लगातार भ्रमण करते रहें, जहां से लाइसेंसधारी ताजिया जुलूस निकाला जाएगा. पूरी व्यवस्था की निगरानी कनीय विद्युत अभियंता आदर्श स्वयं कर रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.

10 अखाड़ों को मिला लाइसेंस, नियमों का पालन अनिवार्य

बेलसर थाना क्षेत्र में इस वर्ष 10 अखाड़ों को ताजिया जुलूस निकालने की अनुमति दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी लाइसेंसधारी अखाड़े निर्धारित शर्तों का सख्ती से पालन करेंगे.

जुलूस में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. किसी भी प्रकार के घातक हथियारों से करतब दिखाने की अनुमति नहीं होगी. ताजिया जुलूस केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा. साथ ही नशे की हालत में पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

नियम तोड़ने पर होगी एफआईआर और लाइसेंस होगा रद्द

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी अखाड़े द्वारा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किया गया तो उसका लाइसेंस तत्काल रद्द कर दिया जाएगा. साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

बिजली उपभोक्ताओं से की गई विशेष अपील

कनीय विद्युत अभियंता आदर्श ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित बिजली कटौती को देखते हुए सभी लोग अपने आवश्यक कार्य पहले ही पूरे कर लें और पेयजल का पर्याप्त भंडारण कर लें. उन्होंने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद को मिला पहला निजी विश्वविद्यालय, उच्च शिक्षा का बनेगा नया केंद्र

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन