महिलाओं ने बीडीओ को कार्यालय में पीटा

Updated at : 18 May 2018 4:40 AM (IST)
विज्ञापन
महिलाओं ने बीडीओ को कार्यालय में पीटा

पटेढ़ी बेलसर : मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अंतर्गत हर घर नल का जल योजना के क्रियान्वयन के लिए अधिकृत वार्ड सदस्या को झांसे में लेकर मुखिया के द्वारा खाली चेक पर हस्ताक्षर करा लेने और इसमें बीडीओ की मिलीभगत के आरोप में वार्ड सदस्य व उसके समर्थकों ने बीडीओ की जम कर धुनाई कर […]

विज्ञापन

पटेढ़ी बेलसर : मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अंतर्गत हर घर नल का जल योजना के क्रियान्वयन के लिए अधिकृत वार्ड सदस्या को झांसे में लेकर मुखिया के द्वारा खाली चेक पर हस्ताक्षर करा लेने और इसमें बीडीओ की मिलीभगत के आरोप में वार्ड सदस्य व उसके समर्थकों ने बीडीओ की जम कर धुनाई कर दी. बड़ी तादाद में जुटी महिलाओं ने बीडीओ के कक्ष में प्रवेश कर चप्पल-जूते से पिटाई के बाद बीडीओ के कपड़े तक फाड़ डाले. आक्रोशित लोग मुखिया की तलाश कर रहे थे.

हंगामे की सूचना पर पहुंची बेलसर पुलिस ने बीडीओ की जान बचायी. घटना गुरुवार की दोपहर की है. घटना के वक्त बीडीओ कार्यालय में एक जनप्रतिनिधि भी मौजूद था. मौके की नजाकत देख जनप्रतिनिधि ने भी खिसकने में भलाई समझी. पूरे घटनाक्रम के दौरान मुखिया भी गायब रहे. मामला बेलसर पंचायत की वार्ड संख्या आठ से जुड़ा है. वार्ड संख्या आठ की वार्ड सदस्य नीलम देवी के समर्थक प्रखंड खुलने के साथ ही जमा होने लगे. बड़ी तादाद में जुटे वार्डवासी योजना में लूट-खसोट की आशंका से गुस्से में थे. वार्ड सदस्या नीलम देवी का आरोप था कि मेरे वार्ड में हर घर नल का जल योजना के लिए चयन हो चुका है.

बैंक में खाता भी खुल चुका है. इस योजना की राशि खाते में भेजने से पहले पंचायत के मुखिया रवि किशन तथा बीडीओ अशोक कुमार ने झांसे में लेकर कई सादे चेक पर हस्ताक्षर करा कर अपने पास रख लिये. चेक मांगने पर दोनों एक-दूसरे के पास होने की बात बताते रहे. इस कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा़ बाद में सीओ संदीप कुमार, इंस्पेक्टर मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित कई थानों के पुलिस भी पहुंची. अधिकारियों ने लोगों को चेक लौटाने का आश्वासन दिया. इस दौरान एक दूसरी पंचायत के मुखियापति के द्वारा उक्त सादे चेक को अधिकारियों को सौंपा गया. वार्ड सदस्या को चेक लौटने पर मामला शांत हुआ.

पटेढ़ी बेलसर की पंचायतों में सात निश्चय योजना में मची है लूट : उच्च न्यायालय और राज्य सरकार के निर्देश पर सात निश्चय योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी पंचायत में वार्ड सदस्यों की दी गयी है, लेकिन प्रखंड क्षेत्र में वार्ड सदस्यों की सहभागिता सिर्फ कागजों पर ही सिमट कर रह गयी है. राशि को संबंधित वार्ड सदस्य व उसी वार्ड के सचिव के संयुक्त खाते में भेजी जानी है या भेजी जा चुकी है. बताया जाता है कि जिस वार्ड में कार्य होना है, उस वार्ड के वार्ड सदस्य से योजना की स्वीकृति से पहले सादे चेक पर हस्ताक्षर करा लिया जाता है. बदले में वार्ड सदस्य के खाते में पैसा आने पर एक तय रकम दी जाती है.
इस बात का पुख्ता प्रमाण गुरुवार को तब मिला, जब हंगामे और बीडीओ की पिटाई के बाद वार्ड सदस्या के हस्ताक्षरयुक्त दो सादी चेकबुक को वार्ड सदस्य को लोगों के समक्ष लौटाया गया. इस वाक्या से बेलसर पंचायत की वार्ड संख्या आठ की सदस्य नीलम कुमारी के द्वारा पंचायत के मुखिया रवि किशन और बीडीओ अशोक कुमार पर सादे चेक पर हस्ताक्षर कराकर रख लेने के आरोपों को दम मिलता है.
बड़ा सवाल यह है कि किन परिस्थितियों में वार्ड सदस्या काे दो चेकबुक हंगामे के बाद लौटायी गयी? उक्त चेकबुक को साक्ष्य के तौर पर जब्त क्यों नहीं किया गया? पूरे मामले का खुलासा निष्पक्ष जांच से ही सामने आने की उम्मीद है. प्रखंड क्षेत्र की अन्य पंचायतों में भी इस तरह के मामले हैं. प्रमुख कुमारी नीलम ने जिलाधिकारी से सात निश्चय योजना में मची लूट-खसोट की जांच की मांग की है.
बोले बीडीओ
यह सुनियोजित हमला है. एक पंचायत प्रतिनिधि के पति द्वारा लेवी की मांग की जा रही थी. इन्कार करने पर हमला हुआ है. घटना में शामिल व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.
अशोक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पटेढ़ी बेलसर
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन