शादी में शामिल होने मुजफ्फरपुर गये मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत

महुआ : महुआ बाजार के पातेपुर रोड से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुजफ्फरपुर रिश्तेदार के घर गये मां बेटे की सड़क दुर्घटना में जहां दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं घटना में दो लोग बुरी तरह से जख्मी हो गये. घायलों को इलाज के लिये पटना व मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया […]
महुआ : महुआ बाजार के पातेपुर रोड से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुजफ्फरपुर रिश्तेदार के घर गये मां बेटे की सड़क दुर्घटना में जहां दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं घटना में दो लोग बुरी तरह से जख्मी हो गये. घायलों को इलाज के लिये पटना व मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में जहां कोहराम मच गया, वहीं बाजार में शोक की लहर दौड़ गयी. मृतक महुआ निबंधन कार्यालय के कातिब दिवाकर प्रसाद के पुत्र व पत्नी बताये गये हैं.
मिली जानकारी के अनुसार पातेपुर थाना क्षेत्र के मौदह चतुर गांव निवासी दिवाकर प्रसाद महुआ निबंधन कार्यालय में कातिब हैं, जो बाजार में फुदेनी चौक के समीप जमीन लेकर घर बनाये हुए हैं. कातिब श्री दिवाकर अपने 24 वर्षीय इकलौते पुत्र प्रभात कुमार उर्फ बाबुल के पत्नी के मौसेरी बहन की शादी समारोह में शामिल होने के लिये गुरुवार को बोलेरो गाड़ी से पुत्र बाबुल, पत्नी गीता सिन्हा तथा पुत्र वधु नेहा उर्फ सारिका के साथ बोलेरो गाड़ी से मुजफ्फरपुर गये थे.
जहां पूजा मटकोर होने के कारण रात में ही पुत्र वधु को रिश्तेदार के घर छोड़ पत्नी, पुत्र के साथ देर रात लौट रहे थे कि मनियारी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरपुर-ताजपुर मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में मां बेटे की मौत हो गयी. वहीं दिवाकर तथा चालक बुरी तरह से घायल हो गये. बताया जाता है कि तेज रफ्तार की हाइवा ट्रक ने सामने से बोलेरो में जोरदार ठोकर मार दी, जिससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गये. वहीं कातिब दिवाकर की पत्नी गीता सिन्हा पुत्र प्रभात उर्फ बाबुल की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चालक और दिवाकर बुरी तरह से घायल हो गये. सड़क दुर्घटना में दो गाड़ियों की भिड़ंत की आवाज सुन जब आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो बुरी तरह से घायल दिवाकर और चालक को मुजफ्फरपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. चालक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. उधर घटना कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान इसकी सूचना परिजनों को दी. मां बेटे की मौत की खबर मिलते ही कातिव के बाजार स्थित घर तथा पैतृक गांव में कोहराम मच गया और पूरा क्षेत्र शोकाकुल हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




