Re-NEET में हाजीपुर से भी पकड़ाया ‘सॉल्वर’, दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा युवक गिरफ्तार

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

हाजीपुर में नीट परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार। फोटो- प्रभात खबर

NEET Solver Gang: हाजीपुर में NEET परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया. बायोमेट्रिक जांच में गड़बड़ी मिलने पर दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस सॉल्वर गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

हाजीपुर (वैशाली) से अभिषेक शाश्वत की रिपोर्ट
Hajipur NEET Exam News: शहर के एक परीक्षा केंद्र पर नीट परीक्षा के दौरान एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी पाए जाने के बाद एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया है. मामले में नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को नीट परीक्षा के दौरान केंद्र जीए इंटर स्कूल पर तैनात केंद्राधीक्षक अंजना सिंह ने नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परीक्षार्थी रवि रंजन कुमार परीक्षा देने पहुँचा था. प्रवेश के समय एडमिट कार्ड और पहचान पत्र सही पाए गए और चेहरा भी मैच कर रहा था. हालांकि दोपहर करीब 3 बजे एनटीए की ओर से केंद्राधीक्षक को सूचना दी गई कि उक्त परीक्षार्थी संदिग्ध है और उसकी दोबारा बायोमेट्रिक जांच कराई जाए. दोबारा जांच में परीक्षार्थी का थंब इम्प्रेशन पूरी तरह मिसमैच पाया गया.

NEET Solver Gang: कड़ाई से पूछताछ में उगला सच

शाम 5 बजे एनटीए के निर्देश पर परीक्षा केंद्र पर तैनात अधिकारियों ने उसे रोककर कड़ाई से पूछताछ की. इस दौरान परीक्षार्थी ने अपना बयान बार-बार बदला, लेकिन अंततः अधिकारियों की सख्ती के आगे उसने घुटने टेक दिए और अपनी असली पहचान उजागर कर दी. उसने बताया कि उसका वास्तविक नाम राम बहादुर राय (27 वर्ष) है, जो मूल परीक्षार्थी की जगह परीक्षा कक्ष में बैठकर पेपर दे रहा था. फर्जीवाड़ा उजागर होते ही केंद्र पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद नगर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

Hajipur News: इन गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज

पकड़ा गया आरोपित वैशाली जिले के ही कटहरा थाना क्षेत्र के कैला जलालपुर गाँव का रहने वाला है. केंद्राधीक्षक के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और द पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे कौन सा संगठित सॉल्वर गैंग काम कर रहा है और मूल परीक्षार्थी के साथ डील कितने रुपये में तय हुई थी.

पूछताछ के बाद भेजा गया जेल

नगर थाने के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि नीट की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर एग्जाम दे रहे फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया है. केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के कारण इस बड़ी धोखाधड़ी को रोकने में कामयाबी मिली है. गिरफ्तार आरोपी से शुरुआती पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य दलालों और फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

Also Read: NEET री-एग्जाम में छात्रों की कम मौजूदगी ने बढ़ाई चिंता, पहली परीक्षा से 229 ज्यादा छात्र रहे अनुपस्थित

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन