गाड़ी साइड करने को लेकर पुलिस और वकील भिड़े, थाने में हंगामा; तीन गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत
औद्योगिक थाना पर लोगों का भीड़ पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर के पासवान चौक पर गाड़ी साइड करने को लेकर पुलिस और वकील के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद में कोर्ट से जमानत मिली।
Hajipur News : हाजीपुर में औद्योगिक थाना क्षेत्र के पासवान चौक स्थित सब्जी मंडी के पास गाड़ी साइड करने को लेकर पुलिस और कार सवार वकील के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई. सूचना पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस ने वकील दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और कार जब्त कर थाने ले आई. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वकील और परिजन थाना पहुंच गए और गिरफ्तारी के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया. महिला दारोगा के आवेदन पर मारपीट, गाली-गलौज, छेड़खानी और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई. शनिवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई.
जाम में गाड़ी खड़ी करने से शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि लिच्छवी नगर मोहल्ला निवासी वकील मनीष तिवारी अपनी पत्नी खुश्बू कुमारी और दो बच्चों के साथ कार से जा रहे थे. पासवान चौक सब्जी मंडी के पास जाम के कारण उन्होंने सड़क किनारे कार रोक दी. इसी दौरान औद्योगिक थाना में पदस्थापित महिला दारोगा नेहा कुमारी ने कार साइड करने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
विवाद बढ़ता देख काजीपुर थाना क्षेत्र के पटिल्ली गांव निवासी वकील रोबिन सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोप है कि उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. इसके बाद महिला दारोगा ने थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारियों को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और वकील दंपती तथा रोबिन सिंह को गिरफ्तार कर थाने ले आई.
वकीलों के पहुंचने से थाने में बढ़ा तनाव
गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वकील और मनीष तिवारी के परिजन थाना पहुंच गए. गिरफ्तारी के विरोध में हंगामा शुरू हो गया. स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण बनी रही. देर रात तक दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा.
महिला दारोगा के लिखित आवेदन के आधार पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत दे दी गई.
महिला दारोगा ने लगाए गंभीर आरोप
महिला दारोगा नेहा कुमारी ने आरोप लगाया कि वह कोर्ट ड्यूटी पूरी कर लौट रही थीं. पासवान चौक सब्जी मंडी के पास सड़क पर कार खड़ी थी. कार हटाने के लिए कहने पर पति-पत्नी भड़क गए और उनके साथ बदतमीजी करने लगे. उन्होंने छेड़खानी, कॉलर पकड़ने और धमकी देने का आरोप लगाया.इस दौरान बीच-बचाव करने आए नगर थाना के एक सिपाही के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
वकील ने आरोपों को बताया गलत
आरोपी वकील मनीष कुमार ने महिला दारोगा के सभी आरोपों को खारिज किया है. मनीष के अनुसार, वह पत्नी और बच्चों के साथ गांव जा रहे थे. पासवान चौक के पास जाम में कार फंस गई थी. उन्होंने एक बाइक सवार से गाड़ी साइड करने को कहा और कार आगे बढ़ाने लगे. इसी दौरान महिला दारोगा वहां पहुंचीं और गाली-गलौज करते हुए हाथ उठाने लगीं.
मनीष का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें जबरन थाने लाया गया. उन्होंने दावा किया कि पत्नी की पिटाई का कुछ सेकंड का वीडियो उनके मोबाइल में था, जिसे पुलिस ने फोन जब्त करने के बाद डिलीट कर दिया. वहीं गिरफ्तार वकील रोबिन कुमार ने भी महिला दारोगा और अन्य पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है. रोबिन के शरीर पर चोट के निशान भी देखे गए.
पुलिस ने कहा- वरीय अधिकारी कर रहे जांच
औद्योगिक थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि महिला दारोगा से मारपीट के मामले में पति-पत्नी और एक वकील को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जमानत मिल गई. वकील और पति-पत्नी की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. मामले की जांच वरीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










